उत्तराखंडराजनीती

परीक्षा प्रणाली में सुधार हेतु टास्क फोर्स गठन पर भाजपा ने पीएम का जताया आभार

पीएम द्वारा टास्क फोर्स गठन से देवभूमि के युवा भी उत्साहित एवं आशान्वित : भट्ट

देहरादून 26 जुलाई। भाजपा ने नकल और पेपर लीक समस्या के स्थाई समाधान की दिशा में पीएम मोदी द्वारा टास्क फोर्स गठन की घोषणा का स्वागत किया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट ने इसे देश की परीक्षा प्रणाली में ऐतिहासिक सुधार, पारदर्शिता और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कारगर उपाय बताया है। देवभूमि उत्तराखंड का युवा एवं छात्र वर्ग भी प्रधानमंत्री मोदी के इस ऐतिहासिक निर्णय से अपने भविष्य को लेकर अत्यंत उत्साहित और आशान्वित है।

उन्होंने मीडिया के माध्यम से जारी अपनी प्रतिक्रिया में प्रधानमंत्री द्वारा गठित नई उच्च-स्तरीय टास्क फोर्स के निर्णय को करोड़ों विद्यार्थियों और युवाओं के हित में एक अभूतपूर्व और दूरदर्शी कदम बताया है। इस महत्वपूर्ण निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने हमेशा देश के युवाओं की प्रतिभा, श्रम और उनके सपनों को सर्वोपरि रखा है। परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह त्रुटिहीन, पारदर्शी और आधुनिक बनाने के लिए गठित यह टास्क फोर्स व्यवस्था में आमूल-चूल परिवर्तन लाने का कार्य करेगी। इस टास्क फोर्स के माध्यम से परीक्षाओं के आयोजन में किसी भी प्रकार की अनियमितता और गड़बड़ी पर स्थायी अंकुश लगेगा।

उन्होंने कहा, इससे पूर्व सरकार ऐसे प्रकरणों में फास्ट ट्रैक कोर्ट गठन के निर्देश देने के साथ नकल कानून को बहुत सख्त बनाने जा रही है। इसी दिशा में अब यह कदम देश के मेधावी युवाओं में परीक्षा प्रणालियों के प्रति विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करेगा। इसके माध्यम से तकनीक आधारित और आधुनिक सुधारों से देश का युवा वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए और अधिक सक्षम बनेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं समेत प्रत्येक उत्तराखंडवासी की तरफ आभार व्यक्त किया कि युवाओं की चिंताओं को समझते हुए कड़े और निर्णायक कदम उठाए गए हैं। देवभूमि उत्तराखंड का युवा एवं छात्र वर्ग भी प्रधानमंत्री मोदी के इस निर्णय से अत्यंत उत्साहित है

Related Articles

Back to top button