उत्तराखंडविविध

राज्यपाल ने किया पौधरोपण, गौरव भारती शिक्षा संस्थान ने 1.25 लाख पौधरोपण का लक्ष्य किया पूरा

देहरादून, 14 अगस्त 2026। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने शुक्रवार को लोक भवन में गौरव भारती शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग कर पौधरोपण किया। यह कार्यक्रम संस्था द्वारा वर्ष 2011 से अब तक 1 लाख 25 हजार पौधों के रोपण का महत्वपूर्ण पड़ाव पूरा करने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
राज्यपाल ने संस्था की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 15 वर्षों में 1 लाख 25 हजार पौधों का रोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता और जन-जागरूकता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। केवल पौधरोपण ही नहीं, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण और संवर्धन पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
गौरव भारती शिक्षा संस्थान के अध्यक्ष एस.पी. सिंह ने बताया कि संस्था द्वारा लगाए गए पौधे केवल संस्थान परिसर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दून घाटी के गांवों, बस्तियों, विद्यालयों, सड़कों के किनारे, मंदिरों तथा घरों के आंगनों में भी रोपे गए हैं। इस अवसर पर संस्था ने टेबेबुइया को देहरादून का ‘स्मृति वृक्ष’ घोषित करने तथा स्मृति पौधरोपण के लिए इसे निर्धारित प्रजाति के रूप में अपनाने का सुझाव भी दिया।
कार्यक्रम में गौरव भारती शिक्षा संस्थान के चेयरमैन एस.पी. सिंह, एस.बी.एस. यूनिवर्सिटी के मैनेजर जोरावर सिंह, शिक्षक, रंगमंच कलाकार एवं सांस्कृतिक कार्यकर्ता आलोक उल्फत, पूर्व हॉकी कोच एवं पर्यावरणविद् पी.के. मेहरिशी तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट जसविंदर सिंह सूडान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button