श्री श्री बालाजी सेवा समिति द्वारा सामूहिक विवाह 2025 का भव्य शुभारंभ, श्री श्याम कीर्तन से गूंजा देहरादून
देहरादून 26 दिसंबर । श्री श्री बालाजी सेवा समिति (रजिस्टर्ड), देहरादून द्वारा 51 से अधिक निर्धन एवं ज़रूरतमंद परिवारों की कन्याओं के सामूहिक विवाह 2025 का शुभ एवं भव्य आगाज़ श्री श्याम कीर्तन के साथ किया गया। यह आयोजन श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण बनकर सामने आया।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम की पहली कड़ी के रूप में आयोजित श्री श्याम कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कीर्तन के उपरांत आगामी चरण में 27 दिसंबर को घुड़चढ़ी एवं मेहंदी की रस्में संपन्न होंगी, जिनकी तैयारियां पूरे उत्साह के साथ चल रही हैं।
समिति के अनुसार 28 दिसंबर 2025 को देहरादून एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनेगा, जब हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज/स्कूल परिसर में 51 से अधिक जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार के साथ एक साथ सात फेरे लेंगे। इतने बड़े स्तर पर सामूहिक विवाह का आयोजन न केवल देहरादून बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय होगा, जो इतिहास में एक विशेष स्थान बनाएगा।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में समिति की कार्यकारिणी की सक्रिय और समर्पित भूमिका रही। समिति की कार्यकारिणी में अखिलेश अग्रवाल (संस्थापक/अध्यक्ष), संजय अग्रवाल (कार्यकारी अध्यक्ष), ओमप्रकाश गुप्ता (उपाध्यक्ष), मनोज खंडेलवाल (सचिव), चन्द्रेश अरोड़ा (कोषाध्यक्ष), उमाशंकर रघुवंशी (प्रचार सचिव), मनमोहन लखेड़ा (मीडिया प्रभारी), राजेश चौरसिया (सह-कोषाध्यक्ष), अविनाश अग्रवाल (स्वागत सचिव), पंकज चाँदना (मंच संचालक) एवं मनोज गोयल (प्रचार प्रमुख) शामिल रहे।
कार्यक्रम कार्यकारिणी में रामपाल धीमान, विजय बिष्ट, राजीव गुप्ता, प्रेम क्षेत्री और मनीष जेलवाल रहे, जबकि स्वागत समिति में अंशुल गुप्ता, पवन अग्रवाल, गगन अग्रवाल, मन्नू भाटिया, स्पर्श खंडेलवाल, उज्जवल अग्रवाल एवं स्पर्श अग्रवाल ने विशेष योगदान दिया।
कार्यक्रम का लाइव प्रसारण श्री श्याम जगत चैनल के माध्यम से किया गया, जिससे देश-विदेश में बैठे श्रद्धालु भी इस पावन आयोजन के साक्षी बने। कीर्तन स्थल पर पंडाल के दोनों ओर कन्यादान में दिए जाने वाले घरेलू सामानों का आकर्षक और सुव्यवस्थित प्रदर्शन किया गया। बेड, टेबल, कूलर, ड्रेसिंग टेबल, चूल्हा सहित लगभग 175 से अधिक आवश्यक गृहस्थी सामग्री पूर्ण सेट के साथ सजाई गई, जिसे देखने के लिए शहरभर से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
श्याम बाबा का अलौकिक एवं मनोहारी श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। कोलकाता से पधारे शुभम–रूपम, इंदौर से शिवम रावल और सेलाकुई से उदित अनुभव नारायण के भजनों ने ऐसा समां बांधा कि पूरा वातावरण श्याम भक्ति में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों से आए अनेक सम्मानित व्यक्ति, समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्होंने समिति के इस सेवा-भावपूर्ण और अनुकरणीय कार्य की खुले मंच से प्रशंसा की।
श्री श्री बालाजी सेवा समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि 27 और 28 दिसंबर को होने वाले कार्यक्रम भी उसी भव्यता, अनुशासन और सेवा भावना के साथ संपन्न होंगे तथा यह आयोजन आने वाले वर्षों में समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।




