Breaking Newsउत्तराखंड

कृषि यंत्रों की सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर 10 हजार की रिश्वत, सहायक कृषि अधिकारी गिरफ्तार

देहरादून,18 अगस्त 2026। कृषि यंत्र खरीदने के लिए मिलने वाली सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में रिश्वत मांगना खानपुर विकासखंड में तैनात सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव को भारी पड़ गया। सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए अधिकारी को 10 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, हरिओम यादव प्रतापनगर, नजीबाबाद रोड, कोटद्वार निवासी हैं और वर्तमान में हरिद्वार जिले के खानपुर विकासखंड में सहायक कृषि अधिकारी के पद पर तैनात थे। आरोप है कि उन्होंने शिकायतकर्ता के भाई को कृषि यंत्र खरीदने के लिए मिलने वाली सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने मामले का सत्यापन किया। शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद टीम ने आरोपी अधिकारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
तय योजना के तहत शिकायतकर्ता द्वारा रिश्वत की रकम दिए जाने के दौरान सतर्कता टीम ने कार्रवाई करते हुए सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव को 10 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता अधिष्ठान की कार्रवाई के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। रिश्वतखोरी के आरोप में हुई इस कार्रवाई से कृषि विभाग में भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button