उत्तराखंडखेल

नेपाल इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप के पदक विजेता खिलाड़ियों का राजभवन में सम्मान

टिहरी गढ़वाल,22 अगस्त 2026 । नेपाल में आयोजित इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले जनपद टिहरी गढ़वाल के खिलाड़ियों को महामहिम राज्यपाल द्वारा राजभवन में सम्मानित किया गया।

इंस्ट्रक्टर विश्वनाथ राजपूत ने अवगत कराया कि प्रतियोगिता में मुनि की रेती के स्टेडियम के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, दो रजत और पांच कांस्य पदक अपने नाम किए। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के लिए कड़ी मेहनत और नियमित अभ्यास किया, जिसका परिणाम उन्हें पदकों के रूप में मिला। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बच्चों ने पूरी लगन और मेहनत के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता के 14-16 वर्ष बालिका वर्ग में आराध्या भंडारी ने फाइट इवेंट में रजत तथा काता इवेंट में कांस्य पदक जीता। मानस्वी शर्मा ने काता में रजत और फाइट इवेंट में कांस्य पदक हासिल किया। हर्षित भट्ट ने काता और फाइट, दोनों स्पर्धाओं में कांस्य पदक जीते।
वहीं करण कुमार ने फाइट इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक तथा काता इवेंट में कांस्य पदक प्राप्त किया।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल विभाग एवं स्टेडियम के प्रशिक्षकों ने खुशी व्यक्त करते हुए सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं नियमित अभ्यास को दिया।

Related Articles

Back to top button