देहरादून 18 दिसम्बर। 
शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन तथा जिलाधिकारी देहरादून एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) द्वारा समय-समय पर निर्गत दिशा-निर्देशों के क्रम में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), देहरादून के तत्वावधान में गवर्नमेंट इंटर कॉलेज, खुडबुडा, देहरादून में एक दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकगण सहित कुल 142 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर आपदा जोखिम न्यूनीकरण, आपात परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया क्षमता का विकास करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मास्टर ट्रेनर श्री राजू शाही ने भूकंप, बाढ़, भूस्खलन, युद्ध, आतंकवाद सहित अन्य आपदाओं के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्राथमिक उपचार, आपातकालीन दूरभाष नंबरों, भूदेव ऐप, सचेत ऐप, सैटेलाइट फोन के उपयोग तथा आपदा प्रबंधन में प्रयुक्त विभिन्न उपकरणों की कार्यप्रणाली को सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक रूप से समझाया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री जे.पी. कुंवर ने विद्यालयों में इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने आज के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी देहरादून एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) का विशेष आभार व्यक्त किया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों में आपदा के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा आत्मरक्षा एवं आपात स्थिति से निपटने की क्षमता का विकास हुआ।



