उत्तराखंडधर्म/संस्कृति

पुलिस लाइन में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया प्रतिभाग

भगवान श्रीकृष्ण के जीवन आदर्शों को आत्मसात करने का पर्व है जन्माष्टमीः राज्यपाल

देहरादून 04 सितम्बर,2026 । शुक्रवार को पुलिस लाइन, देहरादून में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) एवं मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं एवं भक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने शानदार प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जन्माष्टमी का पर्व भगवान श्रीकृष्ण के जीवन आदर्शों और उनके उपदेशों को आत्मसात करने का अवसर है। भगवान श्रीकृष्ण की जीवन लीलाओं और संदेशों से हमें सत्य, प्रेम, त्याग एवं सद्भावना की प्रेरणा मिलती है। उनका जीवन और गीता का संदेश हमें सत्य, न्याय और धर्म के मार्ग पर चलते हुए समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल और उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री पद्मभूषण श्री भगत सिंह कोश्यारी, प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती गीता धामी, कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास, राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल, विधायक श्रीमती सविता कपूर, मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन, डीजीपी श्री दीपम सेठ, एसएसपी श्री प्रमेंद्र सिंह डोभाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button