उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने वरिष्ठ प्रचारक स्व. स्नेहपाल सिंह को दी श्रद्धांजलि

रुद्रपुर। स्थानीय होटल में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक स्व. स्नेहपाल सिंह जी की श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने पहुंचकर उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने उनके बड़े भाई श्री ओमपाल जी से मिलकर शोक संवेदना भी व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं सद्गति की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि स्व. स्नेहपाल सिंह (बाबू जी) ने बाल्यकाल में ही स्वयं को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को समर्पित कर दिया था। लगभग 18 वर्ष की आयु में उन्होंने प्रचारक के रूप में कार्य प्रारम्भ किया और आजीवन राष्ट्र-सेवा में समर्पित रहे। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक, विश्व हिन्दू परिषद के पूर्व केन्द्रीय सह मंत्री तथा एकल अभियान उत्तराखण्ड संभाग के मार्गदर्शक रहे।

उन्होंने हरियाणा, जोधपुर और उत्तराखण्ड में विश्व हिन्दू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री के रूप में समाज में राष्ट्र-चेतना जागृत करने का कार्य किया। उनके बड़े भाई श्री ओमपाल जी भी वरिष्ठ प्रचारक के रूप में संघ के कुटुम्ब प्रबोधन की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र एवं समाज को समर्पित इस पुण्य आत्मा को कोटि-कोटि नमन।

श्रद्धांजलि सभा में पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, सांसद अजय भट्ट, अजय टम्टा, विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र सहित बड़ी संख्या में साधु-संत, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न क्षेत्रों के संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button