पिथौरागढ़ 05 सितंबर ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को कम करने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनपद पिथौरागढ़ के मुनाकोट क्षेत्र में तेंदुए के फंसे होने की सूचना पर वन विभाग की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सुरक्षित रेस्क्यू अभियान चलाया।
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और क्षेत्र में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की। इसके बाद चिकित्सक की निगरानी में ट्रैंकुलाइजर की सहायता से तेंदुए को सकुशल रेस्क्यू किया गया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान वन विभाग की टीम ने पूरी सावधानी और विशेषज्ञ निगरानी में कार्रवाई की। तेंदुए के सुरक्षित रेस्क्यू होने से क्षेत्र में किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को टाला जा सका।
राज्य सरकार के निर्देशन में वन विभाग द्वारा मानव-वन्यजीव संघर्ष वाले संवेदनशील क्षेत्रों में त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य वन्यजीवों का संरक्षण करने के साथ ही आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने अथवा संकट में होने की स्थिति में उसके नजदीक जाने या उसे परेशान करने से बचें। ऐसी स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम द्वारा आवश्यक एवं सुरक्षित कार्रवाई की जा सके।

