सीएम धामी से मिले रियांश पंत और प्रिशा रावत, मुख्यमंत्री ने दी बधाई
नन्हे पर्वतारोहियों ने माउंट किलिमंजारो फतह कर बढ़ाया उत्तराखंड का गौरव
देहरादून, 8 सितंबर। तंजानिया स्थित अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण करने वाले उत्तराखंड के नन्हे पर्वतारोही मास्टर रियांश पंत और प्रिशा रावत ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में भेंट की। मुख्यमंत्री ने दोनों बाल पर्वतारोहियों को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इतनी कम उम्र में 5,895 मीटर ऊंची माउंट किलिमंजारो जैसी चुनौतीपूर्ण चोटी का सफल आरोहण करना दोनों बच्चों के साहस, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि रियांश और प्रिशा ने अपनी उपलब्धि से न केवल अपने परिवार और क्षेत्र, बल्कि पूरे उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश के अन्य बच्चों और युवाओं को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।
22 अगस्त को फहराया तिरंगा
9 वर्षीय मास्टर रियांश पंत अल्मोड़ा के चीनाखान तथा 10 वर्षीय प्रिशा रावत नैनीताल जिले के बैलपड़ाव की निवासी हैं। दोनों ने 22 अगस्त 2026 को माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण कर चोटी पर तिरंगा फहराया था। इतनी कम उम्र में हासिल की गई इस उपलब्धि को मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सराहनीय बताया।
युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के बच्चों और युवाओं में प्रतिभा, साहस और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। प्रदेश के युवा पर्वतारोहण, खेल और अन्य साहसिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। राज्य सरकार युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।


