राज्यपाल से हायर कमांड कोर्स के अधिकारियों ने की मुलाकात
देहरादून,02 अक्टूबर,2026 ।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से शुक्रवार को लोक भवन में हायर कमांड कोर्स के अधिकारियों ने मुलाकात की। हायर कमांड कोर्स के अधिकारी इन दिनों उत्तराखण्ड के फॉरवर्ड एरिया टूर पर हैं। इस अवसर पर राज्यपाल ने अधिकारियों से संवाद किया।
हायर कमांड कोर्स सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारियों के लिए आयोजित एक उन्नत सैन्य प्रशिक्षण पाठ्यक्रम है। इसका उद्देश्य अधिकारियों को उच्च स्तरीय कमान, संचालनात्मक योजना, रणनीतिक सोच, नेतृत्व, संयुक्त सैन्य अभियानों तथा राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की व्यापक समझ प्रदान करना है।
अधिकारियों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि वर्तमान समय में युद्ध का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। ड्रोन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, आधुनिक सेंसर, इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर, सैटेलाइट निगरानी और रियल टाइम डेटा जैसी तकनीकें सैन्य अभियानों को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि तकनीक का प्रभावी उपयोग तभी संभव है, जब उसका समुचित समन्वय, सक्षम नेतृत्व, सुरक्षित संचार व्यवस्था और परिचालन आवश्यकताओं के साथ किया जाए।
राज्यपाल ने अधिकारियों से कहा कि वर्तमान समय में समन्वयता और इंटीग्रेशन का विशेष महत्व है। विभिन्न क्षेत्रों और संस्थाओं के बीच बेहतर तालमेल से ही राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकता है। राज्यपाल ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल करने तथा निरंतर सीखने और अपने ज्ञान को अद्यतन रखने के लिए प्रेरित किया।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड का यह भ्रमण केवल सैन्य क्षेत्रों और भू-भाग को समझने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए हिमालयी क्षेत्र की वास्तविक चुनौतियों और संभावनाओं को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की हिमालयी सीमा, उत्तरी सीमा से निकटता, दुर्गम भू-भाग और चुनौतीपूर्ण मौसम इसे देश की सुरक्षा व्यवस्था में विशेष रणनीतिक महत्व प्रदान करते हैं।
उन्होंने अधिकारियों से फॉरवर्ड एरिया टूर के दौरान केवल निरीक्षण तक सीमित न रहने, बल्कि परिस्थितियों का विश्लेषण करने और उन्हें व्यापक रणनीतिक दृष्टिकोण से समझने का आह्वान किया। इस अवसर पर ब्रिगेडियर आर एस राणा और सशस्त्र बलों के सैन्य अधिकारी मौजूद रहे।


