मुख्यमंत्री धामी ने ₹130 करोड़ की विकास योजनाओं को दी वित्तीय स्वीकृति, विद्यार्थियों को मिलेंगी निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें
शिक्षा, सड़क निर्माण और खेल बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर; हल्द्वानी के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए ₹9.35 करोड़ मंजूर
देहरादून 15 अक्टूबर
। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और खेल बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए लगभग ₹130 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री एवं निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने, ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में सड़क और नाली निर्माण तथा हल्द्वानी में स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है।
विद्यार्थियों को निःशुल्क मिलेंगी पाठ्य पुस्तकें
मुख्यमंत्री ने राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक अध्ययनरत सामान्य, पिछड़ी जाति, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने के लिए ₹52.21 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है।
इसके अतिरिक्त प्रारंभिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत वर्तमान वित्तीय वर्ष में विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री एवं निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने के लिए ₹72 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। इन निर्णयों से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने तथा शिक्षा के अवसरों को अधिक सुलभ बनाने में मदद मिलेगी।
पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में सड़क निर्माण को मंजूरी
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ जनपद के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकासखंड कनालीछीना की ग्राम पंचायत भौतड़ी में आंतरिक सीसी मार्ग के निर्माण के लिए ₹80 लाख की स्वीकृति प्रदान की है। इस कार्य के लिए प्रथम किश्त के रूप में ₹48 लाख जारी किए जाने का अनुमोदन भी दिया गया है। इससे गांव में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।
वहीं, ऊधमसिंह नगर जनपद के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत दिनेशपुर में नाली सहित पांच किलोमीटर टाइल्स मार्ग के निर्माण के लिए ₹4.15 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है। इस परियोजना से स्थानीय नागरिकों को बेहतर सड़क एवं जल निकासी सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
हल्द्वानी के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में विकसित होगा खेल बुनियादी ढांचा
मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी के गोलापार स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के अंतर्गत निर्माण कार्यों के लिए चालू वित्तीय वर्ष में ₹9.35 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत प्रथम किश्त के रूप में ₹1 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन दिया गया है।
इस परियोजना के माध्यम से खेल सुविधाओं के विकास और खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के इन निर्णयों से प्रदेश में शिक्षा, ग्रामीण एवं नगरीय आधारभूत सुविधाओं और खेल क्षेत्र के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।


