उत्तराखंडविविध

अपर जिलाधिकारी ने तीन विद्यालयों का निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

पीएम श्री विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने और साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

टिहरी गढ़वाल 15 अक्टूबर,2026 । भारत सरकार के समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत चयनित पीएम श्री विद्यालयों का जनपद टिहरी गढ़वाल में स्थलीय सत्यापन किया जा रहा है। जनपद में वर्तमान में 19 विद्यालय पीएम श्री योजना के अंतर्गत चयनित हैं। इन विद्यालयों में निर्धारित मानकों के अनुसार व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
‎
‎जिसके क्रम में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने पीएम श्री राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय ढुंगीधार का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध शैक्षिक सुविधाओं और बच्चों को दी जा रही शिक्षा का जायजा लिया। विद्यालय में 114 बच्चे अध्ययनरत हैं। यहां स्मार्ट टीवी, डिजिटल बोर्ड, छह कंप्यूटर, लैपटॉप और पुस्तकालय कॉर्नर की सुविधा उपलब्ध है। पढ़ाई के साथ योग, खेल, संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं।
‎
‎निरीक्षण के दौरान विद्यालय में शुद्ध पेयजल, अलग-अलग शौचालय, सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन उपकरण जैसी सुविधाएं भी पाई गईं। अपर जिलाधिकारी ने मध्याह्न भोजन का निरीक्षण कर भोजन में इस्तेमाल की जा रही खाद्य सामग्री की जानकारी ली।
‎
‎इसके पश्चात अपर जिलाधिकारी ने पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज जाखणीधार का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रयोगशालाओं के नियमित संचालन के साथ अटल टिंकरिंग लैब, रोबोटिक्स तथा अन्य आधुनिक तकनीकी सुविधाओं का विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास के लिए अधिकतम उपयोग करने को कहा।
‎
‎अपर जिलाधिकारी ने राजकीय इंटर कॉलेज पौड़ीखाल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने, प्रयोगशालाओं का उचित संचालन सुनिश्चित करने और निर्धारित समय-सारणी के अनुसार विद्यार्थियों को नियमित रूप से पढ़ाई कराने के निर्देश दिए।
‎
‎निरीक्षण के दौरान तहसीलदार जाखणीधार प्राची बहुगुणा, जिला एमआईएस प्रभारी समग्र शिक्षा सुरेंद्र सिंह नेगी, मध्याह्न भोजन प्रभारी वीरेंद्र सिंह राणा सहित अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button