Breaking Newsउत्तराखंड

महानवमी पर 19 अक्टूबर को प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित, मुख्यमंत्री धामी ने दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर लिया गया निर्णय, प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की

देहरादून 17 अक्टूबर । मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शारदीय नवरात्रि की महानवमी के अवसर पर सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 को उत्तराखंड में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को महानवमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं में मातृ शक्ति को सदैव पूजनीय स्थान प्राप्त रहा है। नवरात्रि का पर्व नारी शक्ति, श्रद्धा, आस्था और भक्ति का प्रतीक है। यह पर्व हमें मातृ शक्ति के सम्मान, सामर्थ्य और समाज के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका का स्मरण कराता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति एवं परंपराएं हमारी समृद्ध विरासत की पहचान हैं। हमारे त्योहार न केवल सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में आस्था, सद्भाव और एकता की भावना को भी सुदृढ़ बनाते हैं। ऐसे पर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान को अक्षुण्ण बनाए रखने के साथ ही समाज में सकारात्मकता और आपसी सौहार्द का संदेश भी देते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं और उनसे जुड़े जीवन मूल्यों को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी रहें।
मुख्यमंत्री ने महानवमी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए सभी से पर्व को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button