किशोर कुमार की 39वीं पुण्यतिथि पर 39 घंटे तक गूंजे किशोर दा के सदाबहार गीत, 150 से अधिक कलाकारों ने दी स्वरांजलि
देहरादून में दो दिवसीय ‘म्यूजिकथोन’ का भव्य आयोजन, 500 से अधिक गीतों के माध्यम से सुरों के जादूगर को दी श्रद्धांजलि
मां गौरी ओल्ड एज होम के बुजुर्गों की सहायता के लिए समर्पित रहा महा-अनुष्ठान
देहरादून 18 अक्टूबर
। सुरों के जादूगर और भारतीय संगीत जगत के महान पार्श्व गायक किशोर कुमार की 39वीं पुण्यतिथि के अवसर पर देहरादून में एक अनूठा सांस्कृतिक आयोजन किया गया। 17 अक्टूबर 2026 को प्रातः सात बजे प्रसिद्ध अटलांटिस क्लब, पंडितवाड़ी में 39 घंटे के अखंड गायन महा-अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ। इस दो दिवसीय आयोजन में उत्तराखंड और नई दिल्ली के 150 से अधिक गायक, वादक एवं संगीतकारों ने लगातार 39 घंटे तक किशोर दा के 500 से अधिक कालजयी गीत प्रस्तुत कर उन्हें भावपूर्ण स्वरांजलि अर्पित की। संगीत के प्रति समर्पण, सामूहिक सहभागिता और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा यह आयोजन देहरादून की सांस्कृतिक दुनिया में विशेष आकर्षण का केंद्र बना।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्रृंखला म्यूजिकल ग्रुप के संस्थापक अध्यक्ष पीयूष निगम एवं प्रीति रावत द्वारा गणेश वंदना के साथ किया गया। इसके बाद कलाकारों ने किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियों के माध्यम से संगीत के इस महान साधक को अपनी श्रद्धांजलि दी। आयोजन में देश-विदेश से भी शुभकामनाएं और आशीर्वाद प्राप्त हुए।
39 घंटे तक चला सुरों का महायज्ञ
किशोर कुमार के संगीत और उनकी अमर गायकी को समर्पित इस महा-अनुष्ठान में देहरादून सहित उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों और नई दिल्ली से आए कलाकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लगभग 20 म्यूजिकल ग्रुपों के कलाकारों ने निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार लगातार प्रस्तुतियां दीं। गायकों और संगीतकारों ने किशोर दा के रोमांटिक, भावपूर्ण, हास्यप्रधान और सदाबहार गीतों को अपनी आवाज में प्रस्तुत कर श्रोताओं को संगीत के स्वर्णिम दौर की याद दिलाई।
आयोजन की विशेषता यह रही कि बड़ी संख्या में कलाकारों को अलग-अलग समय-स्लॉट में व्यवस्थित कर प्रस्तुतियों का क्रम निर्धारित किया गया, जिससे 39 घंटे तक अखंड संगीत कार्यक्रम को सुचारु रूप से संचालित किया जा सका।
बुजुर्गों की सहायता के लिए समर्पित रहा आयोजन
इस म्यूजिकथोन का उद्देश्य केवल संगीत के माध्यम से किशोर कुमार को श्रद्धांजलि देना ही नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद वर्ग की सहायता करना भी रहा। पूरा आयोजन मां गौरी ओल्ड एज होम के सहायतार्थ किया गया। आयोजकों के अनुसार, यहां ऐसे बुजुर्ग भी आश्रय पाते हैं, जिन्हें परिस्थितियों के कारण अपने घरों से अलग होना पड़ा। ओल्ड एज होम में उन्हें एक नए परिवार जैसा अपनापन और खुशियां देने का प्रयास किया जा रहा है।
संगीत के इस महा-अनुष्ठान को सामाजिक सेवा से जोड़कर आयोजकों ने यह संदेश दिया कि कला और संस्कृति समाज के प्रति संवेदनशीलता तथा मानवीय दायित्वों को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन सकती हैं।
जेम्स एक्सक्लूसिव के सहयोग से साकार हुआ ‘म्यूजिकथोन’
श्रृंखला सांस्कृतिक समूह के साथ पीयूष श्रीवास्तव एवं चारु त्यागी श्रीवास्तव की कंपनी जेम्स एक्सक्लूसिव ने इस आयोजन को विशेष स्वरूप देने में महत्वपूर्ण सहयोग किया। कंपनी पूर्व में मुंबई में एनडीटीवी के साथ ‘ग्रीनिथोन’ और ‘टेलीथोन’ जैसे बड़े आयोजनों से जुड़ी रही है। इसी अनुभव का उपयोग करते हुए देहरादून के स्थानीय कलाकारों को एक मंच पर लाकर ‘म्यूजिकथोन’ की परिकल्पना को साकार किया गया।
आयोजकों ने बड़ी संख्या में कलाकारों की सहभागिता सुनिश्चित करने, उनकी प्रस्तुतियों के लिए समय-सारिणी तैयार करने और पूरे कार्यक्रम का क्रमबद्ध संचालन करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां कीं।
गणमान्य अतिथियों ने किया शुभारंभ
कार्यक्रम का सामूहिक शुभारंभ इंजीनियर नरेंद्र सिंह चौहान, योग गुरु शालिनी गुरुंग, क्योर अस्पताल के प्रबंध निदेशक कैप्टन गुंजन गुप्ता, पीएम श्री आईएमए केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य श्री माम चन्द तथा मां गौरी ओल्ड एज होम की संस्थापिका प्रतिभा बहुगुणा जोशी ने किया।
इस अवसर पर कैंट विधानसभा क्षेत्र की विधायक सविता कपूर, अर्चित डाबर, डॉ. भारती मिश्रा, हितेंद्र सक्सेना, रिया नैथानी, इशिका अग्रवाल, सरदार तनवीर सिंह और उमेश जिंदल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं संगीत प्रेमी उपस्थित रहे।
लगभग 20 म्यूजिकल ग्रुपों के कलाकारों ने दी प्रस्तुति
इस महा-अनुष्ठान में देहरादून और आसपास के क्षेत्रों के अनेक संगीत समूहों ने सहभागिता की। इनमें ओल्ड इज़ गोल्ड के संदीप गुप्ता, वॉइस ऑफ देहरादून के बालेश गुप्ता, पल्स म्यूजिकल ग्रुप के डॉ. विनोद गुप्ता, संगीत प्रेमी दिल से दिल तक के आशीष ठाकुर एवं मनीषा आले, गोविंद राइजिंग स्टार संगीत प्रेमी के प्रदीप राय एवं सुनीता क्षेत्री, सुर गंगा के कैप्टन बंसीलाल, सी.एम. जोशी एवं बी.एन. गोदियाल शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त स्वर संगम म्यूजिकल ग्रुप की सुमन डोभाल काला, गीत गाता चल के नीरज डंगवाल, तरंग के संदीप रावत, लय झंकार की शीला, सतीश म्यूजिकल ग्रुप के सतीश कुमार, कराओके म्यूजिकल ग्रुप के कमल खत्री, सुर संगम दिल से दिल तक लाइव म्यूजिकल ग्रुप के दानिश सिद्दीकी, आरूयाशी लाइव ऑर्केस्ट्रा सिंगिंग ग्रुप के श्रवण किशोर कुमार, श्रृंखला सांस्कृतिक समूह के संजीव वर्मा, पीयूष निगम एवं अमित रावत, हितेंद्र सक्सेना, सुर संगम के महेंद्र सिंह राणा, योर वॉइस कराओके ग्रुप के सुभाष वोरा, संगीत का सफर सिंगिंग ग्रुप के संदीप अग्रवाल, सरगम म्यूजिकल ग्रुप के राहुल अग्रवाल तथा बीट्स ऑफ दून के राजेंद्र सिंह सहित अनेक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बनाया।
श्रृंखला श्री सम्मान से भी सम्मानित हो चुकी हैं कई हस्तियां
श्रृंखला म्यूजिकल ग्रुप संगीत एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित करने की परंपरा भी निभाता रहा है। संस्था इससे पहले सुप्रसिद्ध गीतकार समीर अंजान, संतोष आनंद, प्रसिद्ध गायक कुमार सानू, उत्तराखंड के लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी, लोकगायिका बसंती बिष्ट, अर्थशास्त्री एवं फिल्म साहित्यकार डॉ. इंद्रजीत सिंह, प्रसिद्ध तबला वादक निशित गंगानी, शास्त्रीय गायक हिमांशु दरमोड़ा तथा राष्ट्रीय कवि एवं गीतकार बुद्धिनाथ मिश्र जैसी प्रतिष्ठित हस्तियों को ‘श्रृंखला श्री उत्तराखंड रत्न’ सम्मान से सम्मानित कर चुकी है।
किशोर कुमार की 39वीं पुण्यतिथि पर आयोजित यह म्यूजिकथोन भी इसी सांस्कृतिक परंपरा की एक महत्वपूर्ण कड़ी रहा। संगीत, सामाजिक सेवा और सामूहिक सहभागिता के संगम के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम ने किशोर दा के अमर गीतों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ-साथ बुजुर्गों की सहायता के उद्देश्य को भी प्रमुखता प्रदान की।
