उत्तराखंडधर्म/संस्कृति

महानवमी पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया 151 कन्याओं का पूजन

मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की

देहरादून, 19 अक्टूबर। शारदीय नवरात्रि की महानवमी के पावन अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कालिदास रोड स्थित बद्रीनाथ मंदिर में मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने नौ दुर्गा के स्वरूप में 151 कन्याओं का सामूहिक पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने मां दुर्गा से प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।
कन्या पूजन के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कन्याओं के पांव पखारे, उन्हें चुनरी ओढ़ाई और आरती उतारकर श्रद्धापूर्वक भोजन कराया। इसके उपरांत उन्होंने कन्याओं को दक्षिणा एवं उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि एवं महानवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवरात्रि में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की उपासना का विशेष महत्व है। भारतीय संस्कृति में मातृशक्ति के सम्मान की गौरवशाली परंपरा रही है और कन्या पूजन इसी परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि नवरात्रि का पर्व हमें मातृशक्ति की आराधना के साथ-साथ नारी के सम्मान, सामर्थ्य और समाज में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका को समझने की प्रेरणा देता है। यह पर्व भारतीय संस्कृति, आस्था, श्रद्धा और सनातन परंपराओं की महानता का प्रतीक है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, भावना चौधरी, डॉ. बबीता सहोत्रा, पूर्व पार्षद सत्येंद्र नाथ, दीपक बहुखंडी, ओम प्रकाश बवाड़ी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button