देहरादून,
24 अक्टूबर। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को विकासनगर स्थित ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक के नवनिर्मित प्रतीक्षा कक्ष का उद्घाटन किया। इस सुविधा से पछवादून और विकासनगर क्षेत्र के भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों तथा उनके परिजनों को राहत मिलेगी। प्रतीक्षा कक्ष बनने से पॉलीक्लिनिक और कैंटीन आने वाले लाभार्थियों को धूप, ठंड और बारिश से बचाव के साथ बैठने की बेहतर सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि विकासनगर में जल्द ही सैनिक विश्राम गृह बनाया जाएगा, जिससे क्षेत्र में आने वाले भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिजनों को ठहरने की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने अधिकारियों को हरबर्टपुर स्थित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय को ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक विकासनगर में शिफ्ट करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि दोनों सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होने से पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को अलग-अलग स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा तथा उनका समय भी बचेगा।
मंत्री ने बताया कि वर्ष 2012 में विकासनगर में ईसीएचएस कैंटीन और पॉलीक्लिनिक की शुरुआत किराये के भवन से हुई थी। इसके बाद वर्ष 2024 में दोनों सुविधाओं को विशाल रक्षा भूमि पर स्थापित कर विधिवत संचालित किया गया। इससे क्षेत्र के पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए देहरादून जाने की परेशानी से काफी हद तक राहत मिली है।
गणेश जोशी ने कहा कि पछवादून क्षेत्र में बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिक और उनके परिवार रहते हैं। ऐसे में बुजुर्ग सैनिकों, उनकी पत्नियों और आश्रितों को घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। नवनिर्मित प्रतीक्षा कक्ष से विशेष रूप से बुजुर्गों और दूर-दराज से आने वाले लाभार्थियों को सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सैनिकों और उनके परिवारों का सम्मान, उनकी देखभाल तथा उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रतीक्षा कक्ष क्षेत्र के लाभार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगा।
कार्यक्रम में विधायक विकासनगर मुन्ना सिंह चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष हरबर्टपुर नीरू देवी, दायित्वधारी शमशेर सिंह बिष्ट, जिला सहकारी बैंक देहरादून के अध्यक्ष मंजीत रावत, डिप्टी जीओसी सब एरिया ब्रिगेडियर आरएस थापा, लेफ्टिनेंट कर्नल अनिल घोरसी तथा निदेशक सैनिक कल्याण ब्रिगेडियर डीएस बसेड़ा (सेवानिवृत्त) सहित सैन्य अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



