देहरादून 09 नवंबर
। पटेलनगर क्षेत्र में इंद्रेश अस्पताल के पास दिनदहाड़े हुई 14 लाख रुपये की लूट की वारदात का देहरादून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 1 लाख 50 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। घटना में शामिल चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर 2026 को राजेश कुमार सोनी पुत्र धज्जा राम निवासी राणा कॉलोनी, हरिपुर कलां, मोतीचूर ने कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह प्लॉट के सौदे के सिलसिले में देहरादून आए थे और अपने परिचित दिनेश तिवारी से 14 लाख रुपये नकद प्राप्त किए थे। इसके बाद वह अपने साथियों दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविन्दर के साथ वाहन संख्या UK06 2002 से इंद्रेश अस्पताल की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान इंद्रेश अस्पताल के पास पीछे से एक्टिवा और बाइक पर सवार होकर आए युवकों ने उनके वाहन को रोक लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बदमाश वाहन की पिछली सीट पर रखा नकदी से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा संख्या 859/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमें गठित कर घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस की जांच और लगातार प्रयासों के बाद तीन आरोपियों सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को अल्का डेयरी से मेहूवाला की ओर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया गया।
परिचित से मिली थी नकदी की जानकारी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दिनेश तिवारी उनका परिचित था। उन्हें पहले से जानकारी थी कि दिनेश तिवारी प्लॉट के सौदे के सिलसिले में भारी नकदी लेकर कुछ लोगों से मिलने जाने वाला है। इसी जानकारी के आधार पर आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर जल्द पैसा कमाने के उद्देश्य से लूट की योजना बनाई थी। इसके बाद 7 नवंबर को इंद्रेश अस्पताल के पास वारदात को अंजाम देकर 14 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में 18 वर्षीय युवक भी शामिल
गिरफ्तार आरोपियों में सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी (27 वर्ष), निवासी बिहारीगढ़, सहारनपुर, हाल निवासी देहराखास, देहरादून; जसमीत सिंह (18 वर्ष), निवासी बिहारीगढ़, हाल निवासी पटेलनगर ईस्ट, देहरादून और शक्ति सिंह (47 वर्ष), निवासी राजपुर रोड, देहरादून शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 1 लाख 50 हजार रुपये बरामद किए हैं। वारदात में शामिल चार अन्य आरोपियों की पहचान भी सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।


