प्रवासी उत्तराखंडियों को पैतृक गांवों से जोड़ने के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम, रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि : मुख्यमंत्री धामी
प्रवासी उत्तराखंडी अपने अनुभव, ज्ञान और कौशल से प्रदेश के विकास में बनें सहभागी, शीतकालीन यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश
**पहले बैच के दो अग्निवीरों को 40वीं वाहिनी पीएसी में समायोजित करने की मंजूरी, सैनिकों का सम्मान हमारी परंपरा : धामी**
देहरादून 13 नवम्बर
। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रवासी उत्तराखंडियों को अपनी जड़ों, पैतृक गांवों, संस्कृति और विरासत से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और राज्य में रिवर्स पलायन की दर में भी 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उनके अनुभव, ज्ञान, कौशल और सुझाव उत्तराखंड के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय में आयोजित प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन के अवसर पर मीडिया से अनौपचारिक वार्ता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रतिवर्ष प्रवासी उत्तराखंडियों के लिए सम्मेलन आयोजित करती है, जिसमें देश-विदेश में रह रहे उत्तराखंडी बड़ी संख्या में प्रतिभाग करते हैं। यह सम्मेलन उन्हें अपनी जड़ों और पैतृक गांवों से जुड़ने के साथ ही प्रदेश की समृद्ध संस्कृति एवं विरासत को करीब से जानने का अवसर प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रवासी उत्तराखंडियों को अपने पैतृक गांवों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। अनेक प्रवासी अपने गांवों से जुड़ रहे हैं और उन्हें गोद लेकर उनके विकास में योगदान दे रहे हैं। यह पहल न केवल सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में सहायक है, बल्कि ग्रामीण विकास को भी नई गति दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रवासी उत्तराखंडी अपने अनुभवों और सुझावों के माध्यम से प्रदेश की विकास योजनाओं एवं कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
**शीतकालीन यात्रा के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश**
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शीतकालीन यात्रा के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से शीतकाल में भी उत्तराखंड आने और चारधामों के शीतकालीन गद्दी स्थलों के दर्शन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक मान्यताओं के अनुसार चारधामों के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद भगवान की पूजा-अर्चना उनके शीतकालीन गद्दी स्थलों पर विधि-विधान से संपन्न होती है। इन स्थलों पर होने वाली पूजा का भी उतना ही धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। शीतकालीन यात्रा प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। इससे प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
**अग्निवीरों से किया वादा निभा रही सरकार**
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार सेना से चार वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद बाहर आने वाले अग्निवीरों को आरक्षण देने के अपने वादे को पूरा कर रही है। इसी क्रम में अग्निवीरों के पहले बैच के दो जवानों को 40वीं वाहिनी पीएसी में समायोजित करने की मंजूरी प्रदान कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि सैनिकों का सम्मान करना उत्तराखंड की परंपरा और संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले प्रत्येक सैनिक का सम्मान और उनके भविष्य की चिंता करना सरकार का दायित्व है। राज्य सरकार सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों के हितों के संरक्षण और उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।



