उत्तराखंडधर्म/संस्कृति

मुख्यमंत्री धामी ने रेसकोर्स गुरुद्वारा में सुना शबद कीर्तन,

गुरु तेग बहादुर साहिब के 350वें बलिदान दिवस पर अर्पित की श्रद्धांजलि

देहरादून, 25 नवंबर। श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें बलिदान दिवस के अवसर पर मंगलवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून स्थित रेसकोर्स गुरुद्वारा साहिब पहुंचे। उन्होंने यहां आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेते हुए मत्था टेका, अरदास की और शबद कीर्तन के बीच मौन साधना में बैठे।
कार्यक्रम समाप्ति के बाद गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी ने मुख्यमंत्री धामी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संगत के बीच स्वयं लंगर सेवा भी की और श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि धर्म, मानवता और मूल्यों की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वालों में श्री गुरु तेग बहादुर साहिब का स्थान अत्यंत प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और मानव सेवा का जो संदेश दिया है, वह समाज को सदैव एकता और समरसता की ओर अग्रसर करता है।
बउन्होंने बताया कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं और तीर्थ यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार कार्य कर रही है। श्री हेमकुंड साहिब के लिए गोविंदघाट–हेमकुंड रोपवे का निर्माण तेज़ी से आगे बढ़ रहा है, जिससे सिख श्रद्धालुओं की यात्रा और सुगम होगी। साथ ही अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों से संबंधित योजनाओं का लाभ भी सिख समाज तक निरंतर पहुँचाया जा रहा है।

इस कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष बलवीर सिंह साहनी, सचिव राजिंदर पाल सिंह चंडोक, भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में संगत और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button