देहरादून, 25 नवम्बर। 


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को हरिद्वार जिले के गन्ना किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल मिला। किसानों ने पेराई सत्र 2025–26 के लिए गन्ने का राज्य परामर्शित मूल्य घोषित करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बैठक के दौरान मुख्यमंत्री को गन्ना भेंट किया, जिसे धामी ने किसानों के साथ सरकारी आवास के लॉन में ही बैठकर चखा।
तेज धूप के बीच जमीन पर बैठकर हुई इस अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री ने किसानों की समस्याएं विस्तार से सुनीं और सभी मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और गन्ना मूल्य वृद्धि सहित प्रमुख मांगों पर जल्द ठोस कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल ने रायसी–बालावाली पुल तक तटबंध निर्माण, इकबालपुर–झबरेड़ा–भगवानपुर क्षेत्र में नयी शुगर मिल की स्थापना, इकबालपुर–झबरेड़ा क्षेत्र में सिंचाई नहर निर्माण तथा डोईवाला शुगर मिल में बकाया भुगतान कराने की मांग भी उठाई।
किसानों ने कहा कि समर्थन मूल्य बढ़ाए जाने से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और गन्ना उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों की अपेक्षाओं के अनुरूप कदम उठाएगी।
बैठक में विधायक आदेश चौहान, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, विधायक प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरन चौधरी और पूर्व विधायक संजय गुप्ता भी उपस्थित रहे।


