Breaking Newsउत्तराखंडदेश

राज्यपाल ने किया मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित पुस्तकों का विमोचन

देहरादून, राजभवन — 27 नवम्बर ।राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने आज राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री

पुष्कर सिंह धामी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित युवा लेखिका संभावना पंत द्वारा संकलित पुस्तकों “पुष्कर धामीः हिमालय की जीवंत ऊष्मा” (हिंदी) और “Pushkar Dhami: The Vibrant Heat of the Himalayas” (अंग्रेजी) का विमोचन किया। इन पुस्तकों का प्रकाशन प्रभात पब्लिकेशन एवं रूपा पब्लिकेशन द्वारा किया गया है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम जी महाराज, परमार्थ निकेतन ऋषिकेश के स्वामी चिदानंद सरस्वती जी महाराज और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री भगत सिंह कोश्यारी उपस्थित रहे।

राज्यपाल ने पुस्तकों की लेखिका संभावना पंत की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सहज और संवेदनशील लेखन के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के जीवन के उन पहलुओं को बड़े सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया है, जिनमें एक सैनिक पिता का दृढ़ अनुशासन, माता की विनम्रता और दादा के उच्च आदर्शों का प्रभाव स्पष्ट झलकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य में बड़े ऐतिहासिक निर्णय हुए हैं और उत्तराखंड आज विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है।

राज्यपाल ने आपदाओं के समय मुख्यमंत्री धामी की त्वरित उपस्थिति और संवेदनशील नेतृत्व—चाहे सिलक्यारा हो, जोशीमठ हो या धराली—का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि यह पुस्तक उनके समर्पित जन-सेवा के भाव को सम्मान देती है।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी भावुक हो उठे। उन्होंने अपने बचपन की पगडंडियों और पहाड़ के संघर्षों को याद करते हुए कहा, “मैंने जीवन में यह कभी नहीं सोचा था कि मैं कुछ बनूंगा, लेकिन मेरे भीतर यह जीवंत ऊष्मा जरूर थी कि मैं कुछ करूंगा।”
उन्होंने अपनी माता के कठिन संघर्षों और सैनिक परिवार के अनुशासन को जीवन की सबसे बड़ी सीख बताया। मुख्यमंत्री ने लेखिका संभावना पंत एवं सभी उपस्थित महानुभावों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में स्वामी चिदानंद सरस्वती जी महाराज ने कहा कि जिस प्रकार देश में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक एवं सामाजिक पुनर्जागरण का कार्य हो रहा है, उसी दिशा में उत्तराखंड में मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण के अनेक प्रयास हो रहे हैं।

कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम जी ने मुख्यमंत्री की कर्तव्यपरायणता की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे समय, समाज और परिस्थिति के अनुरूप निर्णायक कार्य करते हैं। उन्होंने लेखिका को इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए साधुवाद दिया।

लेखिका संभावना पंत ने पुस्तक के सार को प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह पुस्तक मुख्यमंत्री धामी के व्यक्तिगत गुणों, उनके आचरण, संघर्षों, नेतृत्व क्षमता, विनम्रता और कर्मठता को प्रदर्शित करती है। इसमें उनके परिवार की प्रेरणादायक भूमिका और युवावस्था से लेकर राज्य के शीर्ष पद तक उनकी यात्रा का विस्तृत वर्णन है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल एवं श्रीमती कल्पना सैनी, विधायक श्रीमती सविता कपूर, श्री बृजभूषण गैरोला, पद्मश्री बसंती बिष्ट, श्री किशन गिरी जी महाराज सहित अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button