
नैनीताल, 27 नवंबर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने नैनीताल भ्रमण के दौरान प्रदेशभर में बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए रेन बसेरों में आवश्यक सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि रेन बसेरों में ठहरने वाले जरूरतमंदों के लिए रजाई-कंबल सहित सभी आवश्यक संसाधनों की पुख़्ता व्यवस्था हो।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक जिले में टीमों को सक्रिय रखते हुए शहरों, कस्बों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर निरंतर निगरानी रखी जाए, ताकि असहाय एवं बेघर लोगों को समय पर राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण परेशान न हो।
उन्होंने नगरीय क्षेत्रों के साथ ही छोटे कस्बों में भी सायंकाल के समय नियमित रूप से अलाव जलाने और उनकी सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन को आवश्यक सामग्री की उपलब्धता, वितरण और निगरानी से संबंधित दैनिक रिपोर्ट उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।




