उत्तराखंडधर्म/संस्कृति

अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती पर संगोष्ठी व प्रदर्शनी का आयोजन, 24 दिसंबर से कार्यक्रमों की शुरुआत

देहरादून।उत्तराखंड संस्कृति साहित्य एवं कला परिषद के तत्वावधान में भारत रत्न, देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म जयंती के अवसर पर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी परिषद की उपाध्यक्ष श्रीमती मधु भट्ट ने सोमवार को मीडिया सेंटर, सचिवालय में मीडिया से बातचीत के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 24 दिसंबर 2025 को प्रातः 10:00 बजे संस्कृति प्रेक्षागृह, देहरादून में किया जाएगा। इसके पश्चात 25 दिसंबर 2025 से यह संगोष्ठी प्रत्येक विधानसभा स्तर पर आयोजित की जाएगी।
श्रीमती मधु भट्ट ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी के आदर्शों, उनके सुशासन के दृष्टिकोण तथा उनकी कविताओं के माध्यम से उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी में अटल जी के जीवन से संबंधित साहित्य, कविताएं और उनके विचारों का प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर उन वरिष्ठ नागरिकों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी जी के साथ अथवा उनके नेतृत्व में कार्य किया है। इसके साथ ही कवि सम्मेलन एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।
परिषद की उपाध्यक्ष ने कहा कि संगोष्ठी कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी जाएगी। साथ ही स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उनके भी स्टॉल लगाए जाएंगे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि संगोष्ठी के दौरान पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
इस आयोजन के माध्यम से अटल जी के विचारों, मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button