उत्तराखंडधर्म/संस्कृति

अटल स्मृति व्याख्यान माला-2025 में मुख्यमंत्री धामी ने किया अटल प्रेक्षाग्रह का लोकार्पण

देहरादून, 25 दिसंबर। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को लेखक गाँव थानो, देहरादून में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर आयोजित अटल स्मृति व्याख्यान माला-2025 कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अटल प्रेक्षाग्रह का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को राज्य का दर्जा देने वाले श्रद्धेय अटल जी ही थे। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से अटल जी के विचारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रनिष्ठ भावना को युवा पीढ़ी तक पहुँचाने का सार्थक प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, लोकतांत्रिक मर्यादाओं और मानवीय मूल्यों का जीवंत प्रतीक रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी एक ओजस्वी कवि भी थे, जिन्होंने अपने शब्दों से संवेदनाओं को स्वर दिया। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह सदैव गर्व का विषय रहेगा कि अपने छात्र जीवन में एबीवीपी के कार्यकर्ता के रूप में लखनऊ में उन्हें स्व. अटल जी का मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने भारत को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने का मार्ग प्रशस्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पोखरण परमाणु परीक्षण से लेकर स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना तक, ग्राम सड़क योजना से लेकर दूरसंचार क्रांति तक अटल जी के प्रत्येक निर्णय ने देश को नई दिशा दी। उन्होंने देश में पहली बार गठबंधन सरकार का पूरा कार्यकाल सफलतापूर्वक पूर्ण कर यह सिद्ध किया कि जब उद्देश्य राष्ट्र की प्रगति और उत्थान का हो, तो विभिन्न दल भी एकजुट होकर सरकार चला सकते हैं। अटल जी ने सेवा, सुशासन और गरीब-कल्याण पर आधारित नई कार्यसंस्कृति की नींव रखी, जिससे अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार भारत को सशक्त, समृद्ध, समर्थ एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। स्टार्टअप इंडिया, वोकल फॉर लोकल, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसी पहलों के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज विश्वस्तरीय एक्सप्रेस-वे, रिंग रोड, हाईवे और एलिवेटेड रोड जैसी परियोजनाएं नए भारत की पहचान बन रही हैं। देश के 99 प्रतिशत गांवों को सड़कों से जोड़ा जा चुका है और प्रतिदिन 34 किलोमीटर हाईवे का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अटल जी का देवभूमि उत्तराखंड से गहरा और आत्मीय लगाव रहा है तथा उनके नेतृत्व वाली सरकार ने उत्तराखंड राज्य की स्थापना कर वर्षों पुराने सपनों को साकार किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी की प्रेरणा और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में राज्य सरकार जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। गांवों से लेकर शहरों तक, किसानों से लेकर युवाओं तक, मातृशक्ति से लेकर श्रमशक्ति तक समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं बनाई गई हैं और उन्हें प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पलायन निवारण आयोग की सर्वे रिपोर्ट के अनुसार राज्य में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। किसानों की आय बढ़ाने में उत्तराखंड ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में भी राज्य अग्रणी बनकर उभरा है। नीति आयोग द्वारा जारी वर्ष 2023-24 के सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) के इंडेक्स में उत्तराखंड को देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही राज्य सरकार द्वारा कई ऐतिहासिक निर्णय भी लिए गए हैं।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, श्रीमती विदुषी निशंक, श्री प्रेम बुढ़ाकोटी, श्री सुरेश, श्री प्रदीप सरधाना, डॉ. सविता मोहन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button