देहरादून 27 दिसंबर
।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के 4224 श्रमिक लाभार्थियों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से ₹12 करोड़ 89 लाख 85 हजार की धनराशि हस्तान्तरित की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्य के 191 कॉमन सर्विस सेंटरों (सीएससी) में श्रमिकों की सहायता के लिए विशेष व्यवस्था का शुभारंभ भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों की प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। श्रमिकों एवं उनके आश्रितों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से उन्हें आर्थिक सुरक्षा, सामाजिक संरक्षण और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की आजीविका को सुदृढ़ करने के लिए उन्हें प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से कौशल विकास से भी जोड़ा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक राज्य के विकास की सबसे मजबूत नींव हैं और बुनियादी ढांचे के निर्माण में उनका योगदान अतुलनीय है। सरकार का दायित्व है कि प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभाने वाले श्रमिकों और उनके परिवारों का भविष्य सुरक्षित किया जाए। उन्होंने कहा कि 191 कॉमन सर्विस सेंटरों में शुरू की गई विशेष व्यवस्था से अब श्रमिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ब्लॉक, तहसील और ग्राम स्तर पर सीएससी के माध्यम से पंजीकरण, नवीनीकरण एवं योजनाओं से जुड़ी सभी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा विगत छह माह में लगभग ₹51 करोड़ की धनराशि श्रमिकों एवं उनके परिजनों के खातों में हस्तान्तरित की जा चुकी है। इससे पूर्व बोर्ड द्वारा श्रमिकों के पंजीकरण, नवीनीकरण एवं लाभ आवेदन की सुविधा विकासखंड स्तर पर भी प्रारंभ की जा चुकी है।
इस अवसर पर श्रम आयुक्त श्री पी.सी. दुम्का ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में कर्मकार बोर्ड निरंतर श्रमिकों के हित में कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि आज 4224 लाभार्थी श्रमिकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से ₹12 करोड़ 89 लाख 85 हजार की धनराशि हस्तान्तरित की गई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी बोर्ड मुख्यमंत्री के सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि के विजन के अनुरूप कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम में अध्यक्ष राज्य संविदा श्रम सलाहकार बोर्ड श्री कैलाश पंत, उप श्रम आयुक्त श्री विपिन कुमार, सहायक श्रम आयुक्त श्री धर्मराज, आईटी एक्सपर्ट श्रीमती दुर्गा चमोली सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



