उत्तराखंडराज्य

विष्णुगाड़–पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की सुरंग में लोको ट्रेनों की टक्कर, मुख्यमंत्री धामी ने घायलों के बेहतर उपचार के दिए निर्देश

चमोली 31 दिसंबर।

चमोली जनपद के पीपलकोटी स्थित निर्माणाधीन टीएचडीसी विष्णुगाड़–पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टीबीएम साइट पर शिफ्ट परिवर्तन के दौरान एक हादसा हो गया। सुरंग के भीतर मजदूरों को लाने-ले जाने वाली दो लोको ट्रेनों की आपस में टक्कर हो गई। घटना के समय सुरंग के भीतर कुल 109 श्रमिक मौजूद थे।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जिलाधिकारी चमोली से दूरभाष पर वार्ता कर पूरी स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने सभी घायलों को बेहतर चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च चिकित्सालयों में रेफर करने के निर्देश दिए।
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी चमोली श्री गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री सुरजीत सिंह पंवार तत्काल जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे। उन्होंने वहां भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और चिकित्सकों को सभी घायलों के समुचित एवं बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 70 श्रमिकों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया, जिनमें से 66 श्रमिकों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें घर भेज दिया गया है, जबकि 4 श्रमिकों को जिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया है। वहीं, पीपलकोटी स्थित विवेकानंद चिकित्सालय में 18 श्रमिकों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें घर भेज दिया गया है। इसके अतिरिक्त 21 श्रमिकों को कोई चोट नहीं आई और वे घटना स्थल से ही अपने घर चले गए थे।
प्रशासन द्वारा घटना की निगरानी की जा रही है तथा घायलों के उपचार और आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button