
देहरादून,20 मार्च 2026 । मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में राष्ट्रीय कृषि योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्य योजना के लिए राज्य स्तरीय संस्तुति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में समिति द्वारा राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत वार्षिक कार्य योजना को स्वीकृति प्रदान की गई। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि अगली राज्य स्तरीय संस्तुति समिति की बैठक दिसंबर-जनवरी माह में आयोजित की जाए।
उन्होंने किसान मानधन योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए अधिक से अधिक पात्र किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के 100 प्रतिशत संतृप्तिकरण के लिए विशेष कैंप आयोजित करने को कहा।
मुख्य सचिव ने आधार आधारित भुगतान प्रणाली और ई-केवाईसी को मजबूत करने पर भी बल दिया। इसके अलावा किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के गठन को बढ़ावा देने और क्लस्टर आधारित खेती को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रदेश में जैविक एवं प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने, अधिक संख्या में फार्म मशीनरी बैंक स्थापित करने तथा स्थानीय उत्पादों और फसलों के लिए बेहतर बाजार सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में सचिव दिलीप जावलकर, एस.एन. पाण्डेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित

