चिकित्सक का सम्मान भारत का सम्मान : आलोक कुमार
देहरादून, 11 जनवरी। 


राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सह सरकार्यवाह आलोक कुमार ने कहा कि चिकित्सा का सम्मान वास्तव में भारत का सम्मान है। उन्होंने कहा कि प्राचीन भारतीय परंपरा में वैद्य कभी धन नहीं लेते थे, लेकिन आज परिस्थितियां बदल गई हैं। वर्तमान समय में स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकार और सामाजिक संस्थाओं को मिलकर कार्य करने की अधिक आवश्यकता है।
रविवार शाम दून मेडिकल कॉलेज के प्रेक्षागृह में स्वामी विवेकानंद की 162वीं जयंती के अवसर पर स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आलोक कुमार ने संबोधित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ आरएसएस के सह सरकार्यवाह आलोक कुमार, जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज तथा कार्यक्रम के अध्यक्ष अशोक कुमार विंदलस सहित अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद के जीवन पर आधारित एक वृत्तचित्र प्रस्तुत किया गया, साथ ही सोसाइटी की 13 वर्षों की सेवा यात्रा का प्रस्तुतीकरण भी किया गया। कार्यक्रम में सोसाइटी की सेवा यात्रा पर आधारित कॉफी टेबल बुक तथा वार्षिक कैलेंडर का विमोचन भी किया गया।
मुख्य अतिथि आलोक कुमार ने चिकित्सा क्षेत्र में सभी से सक्रिय योगदान देने की अपील करते हुए कहा कि विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा किया जा रहा कार्य अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि चिकित्सक ही स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनका सम्मान देश का सम्मान है।
इस अवसर पर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने कहा कि मानव जीवन में करुणा और उदारता का विशेष महत्व है। यदि इनमें से कोई एक भी न हो, तो जीवन अधूरा रह जाता है। उन्होंने कहा कि जीवन की पहली कामना जिजीविषा होती है, अर्थात संघर्षों के बीच भी अस्तित्व बनाए रखने की इच्छा।
महाराज ने कहा कि आज लोग वेलनेस और ब्यूटी पर तो अधिक खर्च कर रहे हैं, लेकिन मानवीय मूल्यों और करुणा पर अपेक्षित ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने भारतीय संस्कृति और दर्शन की महत्ता बताते हुए कहा कि इसका प्रभाव पूरे विश्व में देखा जा सकता है। सऊदी अरब का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि वहां भी भारतीय संस्कृति और ध्वनि विज्ञान की सराहना की जाती है।
उन्होंने कहा कि चिकित्सक समाज में भगवान के समान होते हैं, जो जीवन रक्षा का कार्य करते हैं। अल्प समय में 15 अस्पतालों का निर्माण आसान कार्य नहीं है, यह सेवा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने हेल्थ मिशन सोसाइटी को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के अध्यक्ष अशोक कुमार विंदलस ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान सोसाइटी के 10 कर्मठ योद्धाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में श्याम बागड़ी ने धन्यवाद ज्ञापित किया और राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र, प्रचार प्रमुख संजय सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद

