जन्मभूमि मध्य प्रदेश, कर्मभूमि उत्तराखण्ड : राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन
गृह जनपद सिवनी पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत, बोले- संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप निभाऊंगा दायित्व
देहरादून/सिवनी,07 नवंबर।
उत्तराखण्ड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन शनिवार को अपने गृह जनपद सिवनी (मध्य प्रदेश) पहुंचे। राज्यपाल का पदभार ग्रहण करने के बाद अपने गृह जनपद के पहले दौरे पर पहुंचे डॉ. बिसेन का स्थानीय लोगों ने स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर आयोजित स्वागत समारोह में उन्होंने सिवनीवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपनी जन्मभूमि और अपने लोगों के बीच पहुंचकर वे भावुक हैं। यहां की मिट्टी, बचपन की यादें और लोगों का अपनापन हमेशा उनके साथ रहा है।
राज्यपाल डॉ. बिसेन ने कहा कि मध्य प्रदेश उनकी जन्मभूमि है और उत्तराखण्ड उनकी कर्मभूमि। उत्तराखण्ड के राज्यपाल के रूप में वे संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा, उच्च शिक्षा, अनुसंधान, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को आगे बढ़ाने के लिए सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे।
युवाओं को संदेश देते हुए राज्यपाल ने कहा कि युवाओं को बड़े सपने देखने चाहिए और उन्हें साकार करने के लिए मेहनत, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए। शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और नए प्रयोगों को अपनाने के साथ ही अपने संस्कारों और अच्छे चरित्र को भी बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की ओर अग्रसर है। इस संकल्प को साकार करने में युवाओं, महिलाओं और किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक उसका लाभ पहुंचाना होना चाहिए। इसके लिए किसानों की खुशहाली, महिलाओं को आगे बढ़ने के समान अवसर और प्रत्येक व्यक्ति को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना आवश्यक है।
राज्यपाल ने सिवनीवासियों द्वारा किए गए स्वागत एवं सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस सम्मान को अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि अपनी जन्मभूमि के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद मानते हैं। उन्होंने सभी से अपनी मिट्टी, संस्कृति और परंपराओं पर गर्व करने तथा नई पीढ़ी को बेहतर शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देने का आह्वान किया।
अंत में उन्होंने सिवनी की निरंतर प्रगति और क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।


