
लोक भवन,देहरादून 22 जनवरी,2026 ।राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) से गुरुवार को लोक भवन, देहरादून में कमांडेंट, सैन्य अस्पताल, देहरादून ब्रिगेडियर प्रफुल्ल मोहन ने शिष्टाचार भेंट की।
भेंट के दौरान सैन्य अस्पताल द्वारा सैनिकों, पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सा अवसंरचना, आधुनिक उपचार पद्धतियों तथा भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। ब्रिगेडियर प्रफुल्ल मोहन ने राज्यपाल को सैन्य अस्पताल की कार्यप्रणाली, उपलब्ध विशेषज्ञ सेवाओं और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी दी।
राज्यपाल ने सैन्य अस्पताल द्वारा दी जा रही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि सैनिकों और पूर्व सैनिकों का स्वास्थ्य राष्ट्र की प्राथमिकता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सैन्य अस्पताल भविष्य में भी उच्च मानकों के अनुरूप चिकित्सा सेवाएं प्रदान करता रहेगा तथा नागरिक-सैन्य समन्वय को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।
शिष्टाचार भेंट सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें जनहित, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और पूर्व सैनिकों के कल्याण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक विचार-विमर्श किया गया।



