लोक भवन,देहरादून 22 जनवरी,2026 ।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) से गुरुवार को लोक भवन, देहरादून में उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल की मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्रीमती विनीता श्रीवास्तव ने शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर राज्य में रेल संपर्क, आधारभूत संरचना के विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा रेलवे से जुड़ी विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। डीआरएम श्रीमती विनीता श्रीवास्तव ने मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत संचालित रेल परियोजनाओं, स्टेशन विकास कार्यों, सुरक्षा उपायों एवं यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की जानकारी राज्यपाल को दी।
राज्यपाल ने उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में रेल सेवाओं के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि रेल संपर्क न केवल आवागमन को सुलभ बनाता है, बल्कि पर्यटन, व्यापार और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने अपेक्षा जताई कि रेलवे द्वारा यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा तथा समयबद्ध सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।
भेंट के दौरान राज्य और रेलवे प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने पर सहमति व्यक्त की गई। शिष्टाचार भेंट सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

