उत्तराखंडराजनीती

मुख्यमंत्री धामी से अजय टम्टा, खजान दास, विनोद चमोली, रेणु बिष्ट और नवनिर्वाचित सहकारी बैंक अध्यक्ष ने की भेंट

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में लोकसभा सांसद श्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास, विधायक श्रीमती रेणु बिष्ट एवं विधायक श्री विनोद चमोली ने अलग-अलग शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश एवं क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों, जनहित के विषयों तथा समसामयिक मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वय से उत्तराखंड के विकास को गति देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास और जन अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास के साथ हुई भेंट में सरकार की प्राथमिकताओं, विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
विधायक श्री विनोद चमोली और विधायक श्रीमती रेणु बिष्ट ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों एवं जनहित के विभिन्न विषय मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए आमजन की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य किए जा रहे हैं।
रविंद्र सिंह रैंकुनी ने भी की मुख्यमंत्री से भेंट
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से जिला सहकारी बैंक नैनीताल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री रविंद्र सिंह रैंकुनी ने भी शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर श्री रैंकुनी ने मुख्यमंत्री को अपने निर्वाचन की जानकारी दी और आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें नवनिर्वाचित अध्यक्ष बनने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक गतिविधियों का माध्यम नहीं, बल्कि सामूहिक सहभागिता और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार है। उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में सहकारी संस्थाओं की भूमिका और भी महत्वपूर्ण है। इनके माध्यम से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों, काश्तकारों, स्वयं सहायता समूहों, युवाओं और छोटे उद्यमियों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा युवाओं और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला सहकारी बैंक नैनीताल की जिम्मेदारी केवल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों, ग्रामीणों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों की आर्थिक प्रगति में सहभागी बनने की भी है। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष से बैंक को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह, आधुनिक और जन-केंद्रित बनाने की दिशा में कार्य करने की अपेक्षा की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन के अनुरूप उत्तराखंड में सहकारिता क्षेत्र को नई गति देने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। सहकारिता को गांव-गांव में रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बनाकर आत्मनिर्भर एवं विकसित उत्तराखंड के संकल्प को मजबूत किया जा रहा है।
श्री रविंद्र सिंह रैंकुनी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जिला सहकारी बैंक नैनीताल को अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।

Related Articles

Back to top button