रूद्रपुर, 26 जनवरी 2026- 

77वां गणतंत्र दिवस जनपद रूद्रपुर में पूरे हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री नितिन सिंह भदौरिया ने जिला कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके आश्रितों को फूलमाला एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी सम्मान प्रदान किया।
जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान विश्व का सबसे सशक्त, व्यापक और सार्वभौमिक संविधान है। हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे संविधान की मजबूती ही आज देश को एक सूत्र में बांधे हुए है और यह निरंतर हमारा मार्गदर्शन कर रहा है। जिलाधिकारी ने सभी से देश और समाज के हित में कार्य करने तथा वीर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
वहीं मुख्य विकास अधिकारी श्री दिवेश शाशनी ने विकास भवन में ध्वजारोहण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमारा आचरण और व्यवहार न केवल कार्यालय के भीतर बल्कि बाहर भी सकारात्मक होना चाहिए, जिससे सरकार और कर्मचारियों के प्रति आमजन की अच्छी धारणा बने। उन्होंने टीम भावना के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से कार्य सरल और प्रभावी बनते हैं।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्री पंकज उपाध्याय, श्री कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी श्री मनीष बिष्ट, तहसीलदार श्री दिनेश कुटौला, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी श्री उमा शंकर नेगी सहित जिला कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



