उत्तराखंडजनसुनवाई

जनपद में ‘Mediation for the Nation Drive 2.0’ के तहत मध्यस्थता अभियान संचालित

रूद्रपुर 28 जनवरी 2026 । सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण योगेन्द्र कुमार सागर ने बताया कि माननीय राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उधम सिंह नगर द्वारा जनपद में “Mediation for the Nation Drive 2.0” के अंतर्गत मध्यस्थता अभियान संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत मामलों की पहचान 02 जनवरी, 2026 से 31 जनवरी, 2026 तक की जा रही है। इस अवधि में दोनों पक्षों की आपसी सहमति से लंबित एवं पूर्व-वाद मामलों का समाधान मध्यस्थता के माध्यम से किया जाएगा।
सचिव ने बताया कि इस अभियान के तहत वैवाहिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, घरेलू हिंसा, चेक अनादरण (चेक बाउंस), वाणिज्यिक विवाद, सेवा संबंधी मामले, ऋण वसूली, उपभोक्ता विवाद, बेदखली, विभाजन, भूमि अर्जन सहित अन्य उपयुक्त दीवानी प्रकरणों का निस्तारण मध्यस्थता के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य न्यायालयों पर बढ़ते वादों के बोझ को कम करना, पक्षकारों को शीघ्र एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराना तथा वैकल्पिक विवाद समाधान प्रणाली को सशक्त बनाना है, जिससे आम नागरिकों को न्यायिक प्रक्रिया में सरलता एवं सुविधा प्राप्त हो सके।

Related Articles

Back to top button