दून मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का शर्मनाक मामला, सीनियर छात्रों ने जूनियर से की मारपीट, दो छात्र हॉस्टल से निष्कासित

देहरादून 18 जनवरी। देश की एजुकेशनल हब कही जाने वाली राजधानी देहरादून से एक बार फिर रैगिंग का शर्मनाक मामला सामने आया है। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज (पटेल नगर) में सीनियर छात्रों द्वारा जूनियर एमबीबीएस छात्रों के साथ कथित रूप से रैगिंग और बेल्टों से मारपीट करने के आरोप लगे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुरुष छात्रावास के चीफ वार्डन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2023 और 2024 बैच के दो छात्रों को हॉस्टल से निष्कासित कर दिया है। घटना के बाद कॉलेज प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. गीता जैन ने बताया कि एंटी-रैगिंग कमेटी द्वारा पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पीड़ित और आरोपी छात्रों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वाले छात्रों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कॉलेज परिसर में किसी भी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री का सख्त रुख
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने तक आरोपियों को डिबार किया जाए तथा जरूरत पड़ने पर अन्य छात्रों और संबंधित व्यक्तियों से भी पूछताछ कर तथ्य सामने लाए जाएं। मंत्री ने कहा कि रैगिंग जैसी घटनाएं संस्थागत अनुशासन पर सवाल खड़े करती हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट एवं यूजीसी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार, जूनियर छात्र की शिकायत मिलते ही पुरुष छात्रावास के चीफ वार्डन ने तत्काल प्रभाव से दोनों आरोपित छात्रों को हॉस्टल से बाहर कर दिया है। जांच पूरी होने तक उन्हें छात्रावास में रहने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
स्थायी निष्कासन और जुर्माने की संभावना
कॉलेज प्रशासन ने बताया कि एंटी-रैगिंग कमेटी ने जांच प्रक्रिया तेज कर दी है और जल्द ही रिपोर्ट सौंपी जाएगी। भारत में रैगिंग को गंभीर अपराध माना जाता है। सुप्रीम कोर्ट, यूजीसी और राज्य कानूनों के तहत इसके लिए कड़े दंड का प्रावधान है। दोष सिद्ध होने पर स्थायी निष्कासन, जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

