सीएम युगल योगी–पुष्कर की खुलकर तारीफ, यमकेश्वर में साथ पूजा-अर्चना और स्कूल भवन का उद्घाटन
पौड़ी,यमकेश्वर 06 फरवरी । 

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज पौड़ी जनपद के यमकेश्वर में एक साथ नजर आए। इस दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों ने न सिर्फ एक-दूसरे की खुलकर प्रशंसा की, बल्कि प्राचीन शिव मंदिर में साथ पूजा-अर्चना कर आध्यात्मिक संदेश भी दिया। दोनों नेताओं ने यमकेश्वर स्थित उसी इंटर कॉलेज के नवनिर्मित दो मंजिला भवन का उद्घाटन किया, जहां से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी स्कूली शिक्षा प्राप्त की थी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उत्तर प्रदेश में सशक्त नेतृत्व देने वाला मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि सुरक्षा, सुशासन और विकास के क्षेत्र में यूपी सरकार पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत बनी है। उन्होंने कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसी क्षेत्र से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की।
वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड में पलायन रोकने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि बेहतर शिक्षा सुविधाओं से युवाओं और प्रतिभाओं का पलायन रुकेगा और स्थानीय विकास को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर बताया कि बीते चार वर्षों में उत्तराखंड सरकार द्वारा 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की मजबूत अवसंरचना, गुणवत्ता और नवाचार के माध्यम से समावेशी विकास की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नवनिर्मित स्कूल भवन के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई दी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट भी मौजूद रहे। दोनों मुख्यमंत्रियों ने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया और एसएसपी सर्वेश पंवार सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


