रूद्रपुर,11 फरवरी 2026 ।
नीति आयोग, भारत सरकार एवं मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी के दिशा-निर्देशों के क्रम में जनपद में सम्पूर्णता अभियान 2.0 का संचालन 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक सभी विकास खण्डों में किया जा रहा है। इसी क्रम में आकांक्षी विकास खण्ड गदरपुर सहित जनपद के विभिन्न विकास खण्डों में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर किशोर बालिकाओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों के अंतर्गत किशोर बालिकाओं को पोषण, बालिका शौचालय, स्वच्छता की महत्ता एवं स्वच्छ पेयजल से संबंधित विषयों पर प्रदर्शन आधारित गतिविधियों के माध्यम से जागरूक किया गया। आकांक्षी विकास खण्ड गदरपुर में आयोजित कार्यक्रम में जिला नोडल अधिकारी के.एस. रावत, खण्ड विकास अधिकारी आतिया परवेज, खण्ड शिक्षा अधिकारी सावेद आलम, हेम काण्डपाल सहित अन्य अधिकारियों द्वारा छात्राओं को सम्बोधित किया गया तथा सम्पूर्णता अभियान 2.0 की सफलता हेतु शुभकामनाएं दी गईं।
बताया गया कि सभी विकास खण्डों में इस कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु खण्ड शिक्षा अधिकारियों को विकास खण्ड नोडल अधिकारी नामित किया गया है। यह कार्यक्रम जनपद के थारू राजकीय इंटर कॉलेज खटीमा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सितारगंज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फाजिलपुर मेहरूला रुद्रपुर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गदरपुर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बाजपुर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज काशीपुर एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जसपुर में सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया।
इस अवसर पर स्वच्छता जागरूकता के लिए पिकिंस फाउंडेशन, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन, आईसीडीएस सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, चयनित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में किशोर बालिकाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा बालिका स्वास्थ्य, जल संरक्षण, पोषण के महत्व, विटामिन एवं आयरन की पूर्णता, संतुलित आहार तथा शौचालय की स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
विकास खण्ड खटीमा में भानु प्रताप (खण्ड शिक्षा अधिकारी) एवं मीरा जोशी (आईसीडीएस सुपरवाइजर), सितारगंज में अर्चना पाठक (प्रधानाचार्य), फाजिलपुर मेहरूला रुद्रपुर में शुभा रावत, बाजपुर में डॉ. अशोक तोमर, डॉ. आकांक्ष चौहान, पूजा आर्या (आईसीडीएस सुपरवाइजर), काशीपुर में नंदा प्रकाश तथा जसपुर में रिचा गुप्ता द्वारा विषय विशेषज्ञ के रूप में छात्राओं से संवाद किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं द्वारा लघु नाटक, चित्रकला, पोस्टर, कार्टून एवं शपथ के माध्यम से पोषण, स्वच्छता एवं जल संरक्षण जैसे विषयों पर प्रभावी प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे बालिकाओं में जागरूकता के साथ-साथ आत्मविश्वास का भी विकास हुआ।



