रूद्रपुर, 13 फरवरी 2026 ।
सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के सख्त निर्देशों के क्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में उप जिलाधिकारियों, एआरटीओ एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से वृहद चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
एआरटीओ रूद्रपुर नवीन सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार को रूद्रपुर, किच्छा, सितारगंज एवं खटीमा क्षेत्रों में टीमों का गठन कर ओवरलोडिंग, ओवरस्पीड तथा बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान शुक्रवार को 169 वाहनों का चालान किया गया तथा 9 वाहनों को सीज किया गया। उन्होंने बताया कि 11 से 13 फरवरी तक कुल 569 वाहनों के चालान किए गए हैं, 31 वाहन सीज किए गए हैं तथा 12 लाख 28 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
इसी क्रम में एआरटीओ काशीपुर संदीप वर्मा ने जानकारी दी कि 13 फरवरी (शुक्रवार) को बाजपुर, काशीपुर, गदरपुर एवं जसपुर क्षेत्रों में उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं पुलिस की चार टीमों द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 87 वाहनों का चालान किया गया और 18 वाहनों को सीज किया गया। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी।
विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए चेकिंग अभियानों में उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय, डॉ. अमृता शर्मा, तहसीलदार पंकज चन्दोला, दिनेश कुटोला, एआरटीओ संदीप वर्मा, नवीन सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

