रूद्रपुर,13 फरवरी 2026 । उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में 14 मार्च 2026 (द्वितीय शनिवार) को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
जानकारी देते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर योगेन्द्र कुमार सागर ने बताया कि उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर द्वारा 14 मार्च 2026 को प्रातः 10 बजे से सायं 05 बजे तक रूद्रपुर स्थित जिला न्यायालय सहित वाह्य स्थित दीवानी न्यायालय काशीपुर, खटीमा, बाजपुर, जसपुर, सितारगंज एवं किच्छा में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में प्री-लिटीगेशन मामलों का निस्तारण किया जाएगा, जिनमें भरण-पोषण, धन वसूली, श्रम विवाद, विद्युत एवं जलकर बिल, धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित प्रकरण, शमनीय आपराधिक एवं सिविल मामले शामिल हैं। इसके अतिरिक्त न्यायालयों में लंबित शमनीय प्रकृति के आपराधिक वाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, मोटर वाहन अधिनियम के शमनीय अपराधों के चालान, वैवाहिक मामले (तलाक को छोड़कर), भूमि अधिग्रहण, सेवा संबंधी भुगतान एवं भत्तों के मामले, राजस्व वाद तथा सिविल मामले (किरायेदारी, सुखाधिकार, व्यादेश) का भी निस्तारण किया जाएगा।
सचिव ने अपील की कि जो भी व्यक्ति अपने वादों/मामलों का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से कराना चाहते हैं, वे किसी भी कार्यदिवस में स्वयं अथवा अपने अधिवक्ता के माध्यम से संबंधित न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके साथ ही जिला न्यायालय परिसर में स्थित एडीआर केंद्र, रूद्रपुर में भी आवेदन किया जा सकता है।
अधिक जानकारी के लिए नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, एडीआर केंद्र रूद्रपुर के हेल्प डेस्क नंबर 9411531449, ई-मेल [email protected] अथवा फोन नंबर 05944-250682 पर संपर्क किया जा सकता है।


