रूद्रपुर,17 फरवरी 2026 । महाप्रबंधक उद्योग श्री विपिन कुमार ने बताया कि जनपद के हथकरघा बुनकरों, हस्तशिल्पियों एवं लघु उद्यमियों को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए उनके द्वारा उत्पादित विशिष्ट एवं उत्कृष्ट उत्पादों के आधार पर हथकरघा/हस्तशिल्प एवं लघु उद्योग पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार जिला स्तरीय एवं राज्य स्तरीय दोनों स्तरों पर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट बुनकरों, हस्तशिल्पियों एवं लघु उद्यमियों का चयन जिला एवं राज्य स्तर पर गठित चयन समिति द्वारा किया जाएगा।
हथकरघा व हस्तशिल्प पुरस्कार हेतु पात्रता
महाप्रबंधक उद्योग ने बताया कि पुरस्कार हेतु वही बुनकर एवं हस्तशिल्पी पात्र होंगे जो—
उद्योग निदेशालय उत्तराखण्ड अथवा विकास आयुक्त हथकरघा/हस्तशिल्प, भारत सरकार के अधीन पंजीकृत हों।
उत्तराखण्ड राज्य के अंतर्गत पंजीकृत हस्तकला/हथकरघा की निजी दस्तकार सहकारी समितियों या पंजीकृत अशासकीय संस्थानों से संबद्ध हों।
संबंधित बुनकर या हस्तशिल्पी तथा उसकी सहकारी समिति/संस्था किसी भी प्रकार के विभागीय या बैंक ऋण की डिफॉल्टर न हो।
लघु उद्योग पुरस्कार के लिए शर्तें
लघु स्तरीय उद्योग पुरस्कार के लिए उत्तराखण्ड शासन द्वारा निर्धारित पात्रता के अनुसार—
उद्योग विभाग के अंतर्गत पंजीकृत ऐसी लघु इकाइयाँ, जो विगत तीन वर्षों से निरंतर उत्पादनरत हों (पिछले तीन वर्षों की ऑडिट बैलेंस शीट अनिवार्य)।
इकाई किसी भी बैंक या विभागीय ऋण की डिफॉल्टर न हो।
आवेदन प्रक्रिया एवं अंतिम तिथि
योजना के अंतर्गत आवेदन पत्र दो प्रतियों में निर्धारित प्रारूप पर प्रस्तुत किए जाने हैं। आवेदन के साथ—
₹50.00 का डिमांड ड्राफ्ट (महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, ऊधमसिंह नगर के पक्ष में देय)
आधार कार्ड की प्रति
बैंक पासबुक की प्रति
पासपोर्ट साइज फोटो
उत्पाद का नमूना
संलग्न करना अनिवार्य होगा।
आवेदन पत्र किसी भी कार्य दिवस में महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, रूद्रपुर एवं प्रभारी राजकीय डिजाइन सेंटर, काशीपुर के कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं।
सभी औपचारिकताओं के साथ पूर्ण आवेदन पत्र 25 फरवरी 2026 को सायं 05 बजे तक संबंधित कार्यालयों में जमा किए जा सकते हैं।


