उत्तराखंडजनसुनवाई

मुख्यमंत्री धामी के वन-क्लिक से जारी हुई फरवरी 2026 की पेंशन किश्त, 9.57 लाख से अधिक लाभार्थियों को मिला ₹141.91 करोड़ का लाभ

देहरादून 01 मार्च

। पुष्कर सिंह धामी ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि पेंशन प्रकरणों का निस्तारण पूर्ण तत्परता और समयबद्धता के साथ किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक योग्य लाभार्थियों तक पहुँचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान संचालित किया जाए तथा वंचित और कमजोर वर्गों को जोड़ने के लिए नवाचार आधारित प्रभावी कार्ययोजना शीघ्र प्रस्तुत की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत राज्यभर में आयोजित शिविरों का सकारात्मक प्रभाव सामने आया है, जिसके परिणामस्वरूप पेंशनार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने इसे सरकार की संवेदनशील और प्रतिबद्ध कार्यशैली का प्रमाण बताते हुए निर्देश दिए कि दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में ऐसे विशेष अभियान निरंतर जारी रखे जाएँ, ताकि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सामाजिक सुरक्षा का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।
रविवार को मुख्यमंत्री आवास में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के करकमलों से फरवरी 2026 की पेंशन किश्त का वन-क्लिक के माध्यम से सफल भुगतान किया गया। इस अवसर पर कुल 9,57,651 लाभार्थियों को ₹14,191.61 लाख (₹141 करोड़ 91 लाख 61 हजार) की राशि पारदर्शी रूप से वितरित की गई। यह राशि मासिक पेंशन के साथ-साथ एरियर भुगतान को भी सम्मिलित करती है, जिससे पात्र लाभार्थियों को समय पर आर्थिक संबल मिला।
फरवरी माह में वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत 5,93,184 लाभार्थियों को ₹1500 प्रतिमाह की दर से ₹8,897.76 लाख का भुगतान किया गया। विधवा पेंशन योजना में 2,31,593 लाभार्थियों को ₹1500 प्रतिमाह के अनुसार ₹3,473.895 लाख वितरित किए गए। दिव्यांग पेंशन योजना के तहत 87,477 लाभार्थियों को ₹1,312.155 लाख की राशि हस्तांतरित की गई।
इसी क्रम में किसान पेंशन योजना के अंतर्गत 27,638 लाभार्थियों को ₹1200 प्रतिमाह की दर से ₹331.656 लाख, परित्यक्ता पेंशन योजना में 8,096 लाभार्थियों को ₹97.24 लाख, भरण-पोषण अनुदान योजना में 7,409 लाभार्थियों को ₹51.86 लाख वितरित किए गए। तीलू रौतेली पेंशन योजना में 2,125 लाभार्थियों को ₹25.5 लाख तथा बौना पेंशन योजना के तहत 129 लाभार्थियों को ₹1.55 लाख की धनराशि प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाएँ केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि सरकार की संवेदनशीलता, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के संकल्प की सशक्त अभिव्यक्ति हैं। राज्य सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों को सम्मानपूर्वक जीवनयापन के लिए निरंतर और प्रभावी आर्थिक संबल उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में सचिव श्रीधर बाबू अद्यांकी, अपर सचिव संदीप तिवारी, संजय सिंह टोलिया सहित समाज कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button