
देहरादून 07 मार्च । उत्तराखंड के ऐतिहासिक झंडा मेले के शुभ अवसर पर श्री महंत इंद्रेश अस्पताल ब्लड बैंक के तत्वाधान में श्री महाकाल सेवा समिति द्वारा चार दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ सज्जाद गद्दीनशीन महंत श्री देवेंद्र दास महाराज जी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर के पहले दिन 124 यूनिट रक्तदान किया गया। पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा सहित विभिन्न स्थानों से आई संगत ने बढ़-चढ़कर रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। इस अवसर पर महंत श्री देवेंद्र दास महाराज ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में महाराज जी ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और इससे जरूरतमंद लोगों को जीवनदान मिलता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
शिविर में ब्लड बैंक की ओर से अमित चंद्रा, मोहित चावला और उनकी टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। वहीं श्री महाकाल सेवा समिति के संरक्षक एवं सुप्रसिद्ध कथा व्यास श्री सुभाष जोशी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष रोशन राणा, बालकृष्ण शर्मा, गौरव जैन, विनय प्रजापति, राहुल माटा, हिमांशु कोटनाला, कृतिका राणा सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहयोग देकर शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

