उत्तराखंडदेशविविध

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘साड़ी गौरव मैराथन’ का आयोजन, 70 से अधिक महिलाओं ने लिया उत्साहपूर्वक भाग

देहरादून 08 मार्च । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के गौरव, सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित ‘साड़ी गौरव मैराथन’ का आयोजन जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय, देहरादून द्वारा महिला कल्याण विभाग, उत्तराखण्ड के तत्वावधान में किया गया। पारंपरिक भारतीय परिधान साड़ी में आयोजित इस विशेष मैराथन में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए उत्साह और ऊर्जा का परिचय दिया।
मैराथन का शुभारंभ नारी निकेतन चौराहा, दून विश्वविद्यालय रोड से किया गया, जो आगे दून विश्वविद्यालय मार्ग पर 02 किलोमीटर और 03 किलोमीटर की दूरी तक आयोजित की गई। इस अवसर पर विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में दौड़ लगाकर समाज में महिलाओं की शक्ति, आत्मविश्वास और सक्रियता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती गीता खन्ना, अध्यक्ष राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि महिलाएं अपनी संस्कृति और परंपराओं को संजोते हुए आज हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही हैं।
मैराथन में जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय, राजकीय नारी निकेतन तथा राजकीय बाल देखरेख संस्थाओं में कार्यरत अधिकारी एवं कार्मिकों के साथ-साथ निदेशालय महिला कल्याण के अधिकारी-कर्मचारी और आमजन की महिलाओं ने भी स्वेच्छा से प्रतिभाग किया। कुल 70 से अधिक महिलाओं ने मैराथन में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत 02 किलोमीटर दौड़ में नविता ने प्रथम, रेखा चौहान ने द्वितीय तथा मीनू तड़ियाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 03 किलोमीटर दौड़ में गीता बहुगुणा प्रथम, रियांका द्वितीय तथा ऋतु तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में प्रतिभाग करने वाली मानेश्वरी को उनके उत्साह और प्रेरणादायी सहभागिता के लिए विशेष रूप से मेडल देकर सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि इस मैराथन का मुख्य उद्देश्य यह संदेश देना है कि महिलाएं अपनी परंपराओं और संस्कृति को संजोते हुए जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकती हैं। साथ ही व्यस्त जीवनशैली के बीच महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है, ताकि वे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहकर परिवार, समाज और कार्यस्थल की जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकें।
कार्यक्रम का आयोजन मुख्य परिवीक्षा अधिकारी अंजना गुप्ता के मार्गदर्शन में जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट द्वारा किया गया। इस अवसर पर निदेशालय महिला कल्याण से उप मुख्य परिवीक्षा अधिकारी राजीव नयन, विधि अधिकारी समीक्षा शर्मा, कार्यक्रम प्रबंधक प्रीति उपाध्याय, राजकीय नारी निकेतन की अधीक्षिका सोनल राणा, मधु, पूजा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Related Articles

Back to top button