उत्तराखंडजनसुनवाई

दून मेडिकल व जिला चिकित्सालय की मैस में गैस सिलेंडर की किल्लत की शिकायतों पर प्रशासन सख्त, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

देहरादून,14 मार्च 2026 । दून मेडिकल एवं जिला चिकित्सालय की मैस में गैस सिलेंडर की कथित किल्लत को लेकर विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों को जिलाधिकारी सविन बसंल ने गंभीरता से लिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह एवं उप जिलाधिकारी सदर ने मुख्य चिकित्साधिकारी, दून मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों तथा जिला पूर्ति अधिकारी के साथ बैठक कर मामले की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि चिकित्सालयों की मैस में खपत के अनुसार पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। जानकारी दी गई कि दून मेडिकल कॉलेज में प्रतिमाह लगभग 30 सिलेंडर की खपत होती है, जबकि गांधी शताब्दी चिकित्सालय में 8, जिला चिकित्सालय में 8, इन्दिरेश अस्पताल में 12 तथा चकशाह नगर ट्रेनिंग सेंटर में 8 सिलेंडर प्रतिमाह उपयोग में लाए जाते हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संस्थानों में प्रतिदिन आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं और किसी प्रकार की आपूर्ति बाधित नहीं है।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, दून मेडिकल कॉलेज से डॉ. बबली तथा कोरोनेशन अस्पताल से डॉ. नौटियाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button