
रूद्रपुर,17 मार्च 2026 ।
आगामी नवरात्र पर्व को देखते हुए जनमानस को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने रूद्रपुर में सघन जांच अभियान चलाया। सचिव स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखण्ड सचिन कुर्वे एवं जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशों के क्रम में यह कार्रवाई की गई।
सहायक आयुक्त (खाद्य संरक्षा) ललित मोहन पाण्डे के नेतृत्व में टीम ने मंगलवार को रूद्रपुर क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों एवं मॉल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सेंधा नमक, रागी आटा (2 नमूने) और साबुदाना सहित कुल 4 नमूने जांच के लिए लिए गए।
सभी नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, रूद्रपुर भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि कुट्टू का आटा बिना वैध लाइसेंस/पंजीकरण के न बनाया, पैक किया या बेचा जाए। खुले आटे के विक्रय से बचने और केवल सीलबंद पैकेट में ही बिक्री करने के निर्देश दिए गए। पैकेट पर निर्माण तिथि, एक्सपायरी, निर्माता/पैकर का पूरा पता और लाइसेंस नंबर अंकित करना अनिवार्य बताया गया।
इसके अलावा कारोबारियों को कुट्टू के बीज एवं आटे के क्रय-विक्रय का पूरा रिकॉर्ड लिखित रूप में रखने और बाहरी राज्यों से केवल पंजीकृत विक्रेताओं से ही सामान खरीदने के निर्देश भी दिए गए।
विभाग ने आम जनता से अपील की है कि खाद्य पदार्थ खरीदते समय उसकी निर्माण एवं उपभोग तिथि, लाइसेंस नंबर अवश्य जांचें। यदि कहीं भी मिलावटी या अस्वच्छ खाद्य सामग्री बिकती मिले तो टोल फ्री नंबर 18001804246 पर शिकायत दर्ज कराएं।
निरीक्षण टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा साह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशा आर्या, पंकज कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


