उत्तराखंडराजनीती

देहरादून में ‘जन-जन की सरकार—4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम की तैयारियां तेज, 23 मार्च को मुख्यमंत्री करेंगे संबोधन

देहरादून,21 मार्च 2026। राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 23 से 25 मार्च तक प्रदेशभर में “जन-जन की सरकार—4 साल बेमिसाल” थीम के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जनपद देहरादून में इस श्रृंखला का मुख्य कार्यक्रम 23 मार्च को आयोजित होगा, जिसमें उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपराह्न 12:30 बजे जनता को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण राज्य के अन्य 12 जनपदों में भी किया जाएगा।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक करते हुए सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन करने और आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
जिलाधिकारी ने मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश, पेयजल और स्वच्छता सहित सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम को मिनट-टू-मिनट प्लान के अनुसार संचालित करने पर जोर दिया।
स्वास्थ्य विभाग को कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और महिलाओं व युवतियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। समाज कल्याण विभाग को दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र जारी करने और सहायक उपकरण वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके अलावा विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति, जल संस्थान को स्वच्छ पेयजल और पूर्ति विभाग को जलपान व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
लोक निर्माण विभाग को मंच निर्माण और बैरिकेडिंग, नगर निगम को सफाई व्यवस्था तथा पुलिस विभाग को सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी दी गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह कार्यक्रम सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और व्यवस्थित रूप से पूर्ण की जाएं।
बताया गया कि 23 मार्च को जनपद मुख्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां सूचना विभाग द्वारा सरकार की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार और साहित्य वितरण किया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर मुख्य नगर आयुक्त प्रवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button