देहरादून में ‘केशव सभागार’ का लोकार्पण, सांसद डॉ. नरेश बंसल ने शिक्षा को बताया विकास का मूल मंत्र

देहरादून 28 मार्च । भाजपा राष्ट्रीय सहकोषाध्यक्ष व राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल ने आज नथुवावाला स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में सांसद निधि से निर्मित 19.85 लाख रुपये की लागत से बने नव शिक्षण कक्ष ‘केशव सभागार’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक डॉ. शेलेन्द्र जी भी गरिमामयी रूप से उपस्थित रहे।
विद्यालय में वर्षों पूर्व बने भवन के जर्जर होने और छात्र-छात्राओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए नए भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए सांसद डॉ. नरेश बंसल ने नव निर्माण के लिए 19.85 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. नरेश बंसल ने कहा कि विद्यालय विद्या का मंदिर होता है और विद्या ही विकास का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि इस विद्या मंदिर से निकलने वाले छात्र-छात्राएं देश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं।
वहीं, डॉ. शेलेन्द्र ने कहा कि विद्यालयों में दिए जाने वाले संस्कार ही छात्रों को जीवन में ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत और देशभक्ति से ओत-प्रोत नाट्य प्रस्तुति देकर सभी अतिथियों का मन मोह लिया। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सांसद सहित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विधायक श्री बृज भूषण गैरोला, स्कूल प्रबंधन समिति, शिक्षकगण एवं विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


