उत्तराखंडराजनीती

भीमलाल का कांग्रेस में जाना भ्रष्टाचारियों का स्वाभाविक मिलन: शक्तिलाल शाह

देहरादून,

28 मार्च। भाजपा के घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह ने पूर्व विधायक भीम लाल के कांग्रेस में शामिल होने पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे “भ्रष्टाचारियों का स्वाभाविक मिलन” बताया है।
उन्होंने कहा कि जनता ने दोनों को चुनाव में उनके कार्यों की सजा देते हुए पूरी तरह नकार दिया था। श्री शाह ने कटाक्ष करते हुए कहा कि भीमलाल और कांग्रेस—दोनों के लिए यही अंतिम विकल्प बचा था। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक पर लगे खरीद-फरोख्त के आरोपों को जनता ने सही मानते हुए चुनाव में उन्हें करारा सबक सिखाया।
शाह ने आगे कहा कि प्रदेश की जनता ने आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी कांग्रेस पार्टी को लगातार दूसरी बार बुरी तरह नकार दिया है। आज स्थिति यह है कि दोनों की “पोल-पट्टी” आम जनता के सामने खुल चुकी है और कोई भी उन्हें स्वीकार करने को तैयार नहीं है। ऐसे में “चोर-चोर मौसेरे भाई” की तर्ज पर उनका एक साथ आना स्वाभाविक है।
उन्होंने कहा कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में चौमुखी विकास हुआ है और भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई की गई है। इसी कारण कांग्रेस और भीमलाल के लिए आगामी 2027 का चुनाव अंतिम साबित होगा।

Related Articles

Back to top button