उत्तराखंडधर्म/संस्कृति

काशीपुर में सीएम धामी ने मां बाल सुंदरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों की दी सौगात, चैती मेले को बताया आस्था और संस्कृति का महापर्व

काशीपुर,30 मार्च। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को काशीपुर स्थित मां बाल सुंदरी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर प्रांगण में आयोजित भजन संध्या का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चैती मेला कोष से मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं परिसर के समग्र विकास की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने चैती मेले में आए श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल मेला नहीं, बल्कि हमारी लोक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली परंपराओं का जीवंत उत्सव है। उन्होंने कहा कि मेले में लगे पारंपरिक उत्पादों के स्टॉल और स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां इसे और अधिक आकर्षक बनाती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन व्यापार, पर्यटन और स्थानीय विकास को नई गति देने के साथ-साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। काशीपुर के विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि 133 एकड़ में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क विकसित किया जा रहा है, जिसमें 16 औद्योगिक इकाइयों का आवंटन हो चुका है।
उन्होंने बताया कि काशीपुर-रामनगर राजमार्ग के चौड़ीकरण के लिए 494 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है और 3 किलोमीटर लंबा मिनी बाईपास भी शुरू हो चुका है। इसके अलावा 4 करोड़ रुपये की लागत से सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय का निर्माण और 7 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से काशीपुर, हरिद्वार और ऋषिकेश में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक की सुविधा शुरू की गई है।
सीएम धामी ने कहा कि लगभग 1,950 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल, सीवरेज, सड़क सुधार और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसे कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। साथ ही 1100 करोड़ रुपये की औद्योगिक हब परियोजना और 100 करोड़ रुपये की अरोमा पार्क योजना पर भी काम चल रहा है। शहर में बहुमंजिला पार्किंग और नए तहसील कार्यालय का निर्माण भी जारी है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चैती मंदिर को मानसखंड कॉरिडोर से जोड़कर इसे प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित कर रही है, जिससे काशीपुर औद्योगिक नगर के साथ-साथ आस्था की नगरी के रूप में भी अपनी अलग पहचान बनाएगा।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और “ऑपरेशन कालनेमि” के तहत की जा रही कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू कर उत्तराखंड ने देश में नई मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और नकल के खिलाफ सख्त कानून लागू किए गए हैं, जिसके परिणामस्वरूप पिछले साढ़े चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, शिव अरोरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर दीपक बाली, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, बलराज पासी, विनय रुहेला, फरजाना बेगम, शंकर कोरंगा, मंजीत सिंह राजू, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, डॉ. शैलेन्द्र मोहन सिंघल, राजेश कुमार, ऊषा चौधरी, सतीश भट्ट, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button